April 14, 2026 7:05 am

खटीमा में लगा “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” बहुद्देशीय शिविर, 1032 लोगों ने उठाया लाभ

खटीमा

        मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशानुसार मंगलवार को “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” अभियान के अंतर्गत सनातन धर्मशाला (नगर पालिका परिषद खटीमा के निकट) में एक बहुद्देशीय जनसेवा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता उपजिलाधिकारी तुषार सैनी ने की। इस शिविर का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान करना तथा केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना रहा।

        शिविर में क्षेत्र के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और कुल 1032 नागरिकों ने शिविर में प्रतिभाग किया। इस दौरान जनता द्वारा 80 प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किए गए, जिनमें से 22 प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष प्रकरणों के शीघ्र समाधान हेतु संबंधित विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश जारी किए गए। उपजिलाधिकारी तुषार सैनी ने कहा कि जनता की समस्याओं का त्वरित निस्तारण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी विभागों को निर्देशित किया कि वे आपसी समन्वय बनाकर शिकायतों का समाधान करें तथा योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों को समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराएं।

        एसडीएम तुषार सैनी ने कहा कि शिविरों का मुख्य उद्देश्य यही है कि आमजन को सरकारी दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें और उनकी समस्याएं एक ही स्थान पर समाधान के साथ समाप्त हो सकें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में आए लोगों के प्रमाण पत्र, आवेदन और जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा सभी प्रमाण पत्र शीघ्र निर्गत किए जाएं।

        शिविर में नगर पालिका परिषद खटीमा के अध्यक्ष रमेश चन्द्र जोशी ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” कार्यक्रम सरकार की एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसका उद्देश्य शासन और जनता के बीच दूरी को कम करना है। उन्होंने कहा कि शिविर में प्राप्त शिकायतों व समस्याओं का तत्काल समाधान किया जाना चाहिए, ताकि जनता को वास्तविक राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि केंद्र व राज्य सरकार द्वारा अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही हैं और इन योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक शत-प्रतिशत पहुंचना चाहिए।। नगर पालिका अध्यक्ष ने कहा कि यह शिविर जनता के लिए एक अवसर है, जहां सरकार स्वयं उनके द्वार तक पहुंचकर समाधान देने का कार्य कर रही है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे शिविरों में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर योजनाओं का लाभ लें। साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके निर्देशन में लगातार शिविर आयोजित कर जनता की समस्याओं का समाधान किया जा रहा है।

         शिविर में स्वास्थ्य सेवाओं का विशेष प्रबंध किया गया। स्वास्थ्य विभाग द्वारा 236 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा जरूरतमंदों को निःशुल्क दवाइयां वितरित की गईं। इसके अतिरिक्त स्वास्थ्य विभाग द्वारा 19 आयुष्मान कार्ड बनाए गए। साथ ही 02 दिव्यांग प्रमाण पत्र जारी किए गए और 03 महिलाओं को जननी सुरक्षा योजना के तहत लाभान्वित किया गया। वहीं होम्योपैथिक विभाग द्वारा 105 लोगों की जांच की गई, जबकि आयुष विभाग द्वारा 98 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर निःशुल्क दवा वितरण किया गया। स्वास्थ्य सेवाओं की यह व्यवस्था शिविर में आए लोगों के लिए काफी राहतकारी रही।

        समाज कल्याण विभाग ने भी शिविर में सक्रिय भूमिका निभाई। विभाग द्वारा 05 व्यक्तियों के पेंशन आवेदन भरवाए गए तथा 08 दिव्यांग व्यक्तियों के बस पास बनाकर उन्हें लाभ प्रदान किया गया। पूर्ति विभाग द्वारा 11 लोगों के राशन कार्ड व ई-केवाईसी की प्रक्रिया पूर्ण कराई गई।
महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग द्वारा 06 महिलाओं को महालक्ष्मी किट योजना के अंतर्गत लाभान्वित किया गया। उद्यान विभाग द्वारा 25 लोगों को सब्जी, मसाला व पुष्प क्षेत्रफल विस्तार योजना तथा 04 व्यक्तियों को मशरूम उत्पादन योजना से जोड़ा गया। डेयरी विभाग द्वारा 10 लोगों को साईलेज एवं दुधारू पशु योजना से लाभान्वित किया गया।
शिविर में विभिन्न प्रकार के प्रमाण पत्र व राजस्व संबंधी कार्य भी संपन्न कराए गए। इसमें 12 जन्म एवं मृत्यु पंजीकरण, 35 आय, जाति व स्थायी निवास प्रमाण पत्र, 02 विरासत दर्ज, 28 खाता-खतौनी की प्रमाणित नकल, तथा 02 यूसीसी पंजीकरण कराए गए। इससे ग्रामीण और नगर क्षेत्र के लोगों को बड़ी सुविधा मिली।

       इसके अलावा शिविर में केंद्र व राज्य सरकार द्वारा संचालित अनेक योजनाओं जैसे मृदा स्वास्थ्य कार्ड योजना, ब्रॉयलर फार्म प्रोत्साहन योजना, बैकयार्ड पोल्ट्री योजना, मुख्यमंत्री बाल पोषण योजना, मुख्यमंत्री महिला पोषण योजना, महिला मंगल दल व युवक मंगल दल गठन, मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, राष्ट्रीय पशुधन मिशन, पशुधन बीमा योजना, मुख्यमंत्री अल्पसंख्यक मेधावी बालिका प्रोत्साहन योजना, मुख्यमंत्री अल्पसंख्यक प्रोत्साहन योजना सहित अन्य योजनाओं से कुल 949 व्यक्तियों को लाभान्वित किया गया।

       शिविर में नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चन्द्र जोशी के साथ युवा मोर्चा अध्यक्ष सतीश भट्ट, महिला मोर्चा विनीता सक्सेना, मंडल अध्यक्ष अमित पाण्डे सहित विभिन्न जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया। साथ ही जनपद, तहसील एवं विकासखंड स्तर के अधिकारियों ने भी शिविर में उपस्थित रहकर सेवाएं प्रदान कीं। शिविर में उमड़ी भीड़ और योजनाओं से लाभान्वित हुए लोगों को देखकर यह स्पष्ट हुआ कि सरकार की यह पहल आमजन के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध हो रही है और प्रशासन के माध्यम से जनता को सीधे लाभ पहुंचाने की दिशा में एक प्रभावी कदम है।

SAGAR GABA
Author: SAGAR GABA

और पढ़ें

विज्ञापन

best news portal development company in india

और पढ़ें