April 14, 2026 7:03 am

पूर्व सैनिकों को बड़ी सौगात: सीएम धामी ने CSD कैंटीन व सैनिक मिलन केंद्र का किया लोकार्पण

खटीमा में भव्य कार्यक्रम, 60 वीर नारियों व 80 वीर सैनिकों को किया सम्मानित, रोड शो में हुआ जोरदार स्वागत

खटीमा
        उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को खटीमा क्षेत्र में आयोजित गौरव सैनिक सम्मान समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करते हुए पूर्व सैनिकों को बड़ी सौगात दी। इस अवसर पर उन्होंने 715.51 लाख रुपये की लागत से निर्मित सीएसडी कैंटीन और 162.26 लाख रुपये से बने अत्याधुनिक सैनिक मिलन केंद्र का लोकार्पण किया। कार्यक्रम सेवा संकल्प धारिणी फाउंडेशन द्वारा स्वर्गीय सूबेदार शेर सिंह धामी की छठी पुण्यतिथि पर आयोजित किया गया।

        कार्यक्रम में मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया गया। एनसीसी बैंड की धुनों के बीच उनका अभिनंदन हुआ तथा रोड शो के दौरान जनप्रतिनिधियों और जनता ने पुष्पवर्षा कर गर्मजोशी से स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने सर्वप्रथम अपने पिता स्वर्गीय सूबेदार शेर सिंह धामी के चित्र पर श्रद्धा सुमन अर्पित किए, इसके बाद नैनीताल, ऊधम सिंह नगर और चंपावत जनपद के शहीदों को नमन किया।

        इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने 60 वीर नारियों और 80 वीर सैनिकों को शॉल ओढ़ाकर व उपहार भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि सैनिकों और उनके परिवारों का सम्मान करना हम सभी का कर्तव्य है। उन्होंने अपने संबोधन में भावुक होते हुए कहा कि उनके पिता के संस्कार, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति आज भी उन्हें प्रेरित करते हैं। उन्होंने कहा कि एक सैनिक के लिए उसकी वर्दी केवल कपड़ा नहीं बल्कि सम्मान और जिम्मेदारी का प्रतीक होती है।

        मुख्यमंत्री ने बताया कि उनके पिता ने 28 वर्षों तक भारतीय सेना की महार रेजिमेंट में सेवा दी और 1962 के भारत-चीन युद्ध, 1965 व 1971 के भारत-पाक युद्ध सहित कई महत्वपूर्ण सैन्य अभियानों में भाग लिया। उन्होंने कहा कि बचपन से ही उन्हें वीरता और बलिदान की कहानियां सुनने को मिलीं, जिन्होंने उनके व्यक्तित्व को गहराई से प्रभावित किया।

        मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश का रक्षा क्षेत्र तेजी से आत्मनिर्भर बन रहा है। उन्होंने बताया कि जहां पहले भारत रक्षा उपकरणों के लिए विदेशों पर निर्भर था, वहीं आज देश 80 से अधिक देशों को रक्षा सामग्री निर्यात कर रहा है। रक्षा उत्पादन वर्ष 2014-15 के 46 हजार करोड़ रुपये से बढ़कर 2024-25 में 1.54 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया है, जबकि रक्षा निर्यात भी बढ़कर 38 हजार करोड़ रुपये हो गया है।

       उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सैनिकों, पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। शहीदों के परिजनों को मिलने वाली अनुग्रह राशि में वृद्धि, आश्रितों को सरकारी नौकरी, वीरता पुरस्कार विजेताओं को दी जाने वाली सम्मान राशि में बढ़ोतरी जैसे कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। परमवीर चक्र विजेताओं को दी जाने वाली राशि को 50 लाख से बढ़ाकर डेढ़ करोड़ रुपये किया गया है, जो देश में सबसे अधिक है।

       मुख्यमंत्री ने बताया कि देहरादून में भव्य सैन्य धाम का निर्माण किया जा रहा है, जो आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रभक्ति की प्रेरणा देगा। साथ ही शहीदों के परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने और आवेदन की समयसीमा को 2 वर्ष से बढ़ाकर 5 वर्ष करने का निर्णय भी लिया गया है। पूर्व सैनिकों के लिए बसों में निःशुल्क यात्रा और संपत्ति खरीद पर स्टाम्प ड्यूटी में छूट जैसी सुविधाएं भी प्रदान की जा रही हैं।

       कार्यक्रम में कृषि एवं सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि सैनिकों और उनके परिजनों का सम्मान करना गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि सरकार लगातार सैनिकों के हित में योजनाएं लागू कर रही है और जल्द ही बनबसा में सैनिक सामुदायिक भवन का निर्माण भी कराया जाएगा।

       इस अवसर पर सांसद अजय भट्ट, कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, विधायक कुलदीप धनकड़, दर्जा मंत्री विनय रोहेला सहित कई जनप्रतिनिधियों ने भी संबोधित करते हुए स्वर्गीय सूबेदार शेर सिंह धामी को श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में अनेक जनप्रतिनिधि, सैन्य अधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी, पूर्व सैनिक एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

SAGAR GABA
Author: SAGAR GABA

और पढ़ें

विज्ञापन

best news portal development company in india

और पढ़ें