April 18, 2026 1:47 pm

काशीपुर में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मां बाल सुंदरी मंदिर के सौंदर्यीकरण व परिसर विकास की घोषणा की

चैती मेले में पहुंच कर मुख्यमंत्री ने किया भजन संध्या का शुभारंभ, काशीपुर के लिए कई विकास योजनाओं का किया उल्लेख

काशीपुर

        उत्तराखंड प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मां बाल सुंदरी मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश के चहुंमुखी विकास एवं सुख-शांति की कामना की। इसके उपरांत मुख्यमंत्री ने मंदिर प्रांगण में आयोजित भजन संध्या कार्यक्रम का दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया तथा सुप्रसिद्ध भजन गायक लखवीर सिंह लख्खा के भजनों का आनंद लिया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने चेती मेला कोष की धनराशि से मां बाल सुंदरी मंदिर के सौंदर्यीकरण एवं मंदिर परिसर के समग्र विकास की महत्वपूर्ण घोषणा की।

          मुख्यमंत्री ने चैती मेले में उपस्थित सभी श्रद्धालुओं का स्वागत एवं अभिनंदन करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। उन्होंने माता बाल सुंदरी से प्रार्थना की कि वे सभी प्रदेशवासियों पर अपनी कृपा बनाए रखें तथा क्षेत्र में सुख-समृद्धि और शांति का आशीर्वाद दें। उन्होंने कहा कि इस पावन और ऐतिहासिक मेले के समापन कार्यक्रम में उपस्थित होना उनके लिए अत्यंत हर्ष का विषय है। यह केवल एक मेला नहीं, बल्कि हमारी लोक आस्था, सांस्कृतिक विरासत और गौरवशाली परंपराओं का जीवंत महोत्सव है।
उन्होंने कहा कि मेले में पारंपरिक उत्पादों के स्टॉल तथा स्थानीय कलाकारों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां इसे और अधिक आकर्षक बनाती हैं। उन्हें विश्वास है कि इस भव्य आयोजन से क्षेत्र के व्यापार, पर्यटन और स्थानीय विकास को नई गति मिलेगी तथा रोजगार और स्वरोजगार के अवसर भी सृजित होंगे।

         मुख्यमंत्री ने कहा कि आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में उत्तराखंड विकास और समृद्धि के नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। काशीपुर क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए अनेक महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर तेजी से कार्य किया जा रहा है। काशीपुर में 133 एकड़ क्षेत्र में इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर पार्क विकसित किया जा रहा है, जिसमें 16 औद्योगिक इकाइयों का आवंटन हो चुका है, जो युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर सृजित करेगा।

         उन्होंने बताया कि काशीपुर-रामनगर राजमार्ग को चार लेन में उन्नत करने के लिए 494 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि स्वीकृत की गई है तथा 3 किलोमीटर लंबा मिनी बाईपास भी प्रारंभ हो चुका है। इसके अतिरिक्त 4 करोड़ रुपये की लागत से सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी कार्यालय का निर्माण किया गया है और 7 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से काशीपुर, हरिद्वार और ऋषिकेश में ऑटोमेटेड ड्राइविंग टेस्ट ट्रैक की सुविधा भी शुरू की गई है।

         मुख्यमंत्री ने कहा कि लगभग 1,950 करोड़ रुपये की लागत से काशीपुर में पेयजल, सीवरेज, सड़क सुधार और सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट के कार्य तेजी से प्रगति पर हैं। साथ ही 1100 करोड़ रुपये की औद्योगिक हब परियोजना और 100 करोड़ रुपये की अरोमा पार्क परियोजना पर भी कार्य चल रहा है, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। शहर में बहुमंजिला पार्किंग और नए तहसील कार्यालय का निर्माण कार्य भी जारी है।

         उन्होंने कहा कि सरकार चैती मंदिर को मानसखंड कॉरिडोर से जोड़कर इसे एक प्रमुख सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि काशीपुर औद्योगिक नगर के साथ-साथ आस्था की नगरी के रूप में भी अपनी पहचान स्थापित कर सके। सरकार का लक्ष्य विकास के साथ-साथ उत्तराखंड की संस्कृति, पहचान और सामाजिक संतुलन की रक्षा करना भी है।

        मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में सख्त धर्मांतरण विरोधी कानून और दंगारोधी कानून लागू किए गए हैं। साथ ही लव जिहाद, लैंड जिहाद और थूक जिहाद जैसी विकृतियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई गई है। ऑपरेशन कालनेमि के तहत सनातन धर्म को बदनाम करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड देश का पहला राज्य है, जहां समान नागरिक संहिता लागू की गई है।

       उन्होंने भ्रष्टाचार के खिलाफ कड़े रुख का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार केवल बातें नहीं करती, बल्कि सख्त कार्रवाई भी करती है। भ्रष्टाचार में लिप्त बड़े से बड़े लोगों को भी कानून के दायरे में लाया गया है। युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए देश का सबसे सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है, जिसके परिणामस्वरूप पिछले साढ़े चार वर्षों में 32 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां मिली हैं। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार काशीपुर में जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए ओवरब्रिज का निर्माण, सड़कों का चौड़ीकरण और उद्योगों के लिए सुरक्षित वातावरण तैयार कर रही है।

        कार्यक्रम में कैबिनेट/जनपद प्रभारी मंत्री प्रदीप बत्रा, विधायक त्रिलोक सिंह चीमा, शिव अरोरा, जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, मेयर दीपक बाली, दर्जा मंत्री अनिल कपूर डब्बू, बलराज पासी, विनय रुहेला, फरजाना बेगम, शंकर कोरंगा, मंजीत सिंह राजू, पूर्व विधायक हरभजन सिंह चीमा, डॉ. शैलेन्द्र मोहन सिंघल, राजेश कुमार, ऊषा चौधरी, सतीश भट्ट, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, वीसी प्राधिकरण जय किशन, अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

SAGAR GABA
Author: SAGAR GABA

और पढ़ें

विज्ञापन

best news portal development company in india

और पढ़ें