वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में एकजुटता का संदेश, बदलाव के संकल्प के साथ कार्यकर्ताओं में दिखा जोश
रुद्रपुर
रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक उत्साह चरम पर पहुंच गया जब उत्तराखंड कांग्रेस प्रभारी, राष्ट्रीय महासचिव एवं सांसद कुमारी शैलजा का आगमन हुआ। उनके स्वागत के लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। पूरे कार्यक्रम में जोश और उत्साह का माहौल देखने को मिला। कार्यकर्ताओं ने पारंपरिक अंदाज में गदा भेंट कर उनका भव्य स्वागत और सम्मान किया।
इस अवसर पर कुमारी शैलजा ने अपने संबोधन में कहा कि उत्तराखंड की जनता अब बदलाव के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में विकास, रोजगार और जनहित के मुद्दों को नजरअंदाज किया गया है, जिससे आम जनता में असंतोष बढ़ा है। कांग्रेस पार्टी जनभावनाओं के अनुरूप कार्य करते हुए प्रदेश को नई दिशा देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे गांव-गांव जाकर जनता की समस्याओं को समझें और पार्टी की नीतियों को घर-घर तक पहुंचाएं, ताकि आगामी चुनावों में कांग्रेस मजबूत स्थिति में आ सके।
कार्यक्रम के दौरान सभी नेताओं का तलवार भेंट कर जोरदार स्वागत किया गया, जिसने आयोजन को और अधिक आकर्षक बना दिया। मंच से नेताओं ने कार्यकर्ताओं में ऊर्जा का संचार करते हुए कहा कि प्रदेश की जनता अब बदलाव चाहती है और कांग्रेस ही उस उम्मीद को पूरा कर सकती है। नेताओं ने एकजुट होकर संगठन को मजबूत करने, जनता की समस्याओं को प्राथमिकता से उठाने और आगामी चुनावों में कांग्रेस को विजयी बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं की भारी भागीदारी ने यह स्पष्ट संकेत दिया कि क्षेत्र में कांग्रेस का जनाधार लगातार मजबूत हो रहा है। वहीं कार्यक्रम के अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने संगठन की मजबूती और जनसेवा के प्रति समर्पित रहने का संकल्प लिया, जिससे आगामी राजनीतिक समीकरणों में कांग्रेस की स्थिति और सशक्त होने के संकेत मिल रहे हैं।
कार्यक्रम में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति ने इसे और भी महत्वपूर्ण बना दिया। इस दौरान केंद्रीय कांग्रेस नेता गुरदीप सप्पल, उत्तराखंड सह प्रभारी सुरेंद्र शर्मा, मनोज यादव, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्या, विधायक प्रीतम सिंह, चुनाव प्रबंधन समिति अध्यक्ष हरक सिंह रावत, खटीमा विधायक भुवन कापड़ी, किच्छा विधायक तिलक राज बेहड़, जसपुर विधायक आदेश चौहान, नानकमत्ता विधायक गोपाल सिंह राणा सहित कई दिग्गज नेता मौजूद रहे।
इसके अलावा पूर्व सांसद महेंद्र पाल, वरिष्ठ नेता प्रकाश जोशी, पूर्व विधायक नारायण पाल, कांग्रेस किसान प्रदेश अध्यक्ष हरेंद्र सिंह लाड्डी, उधम सिंह नगर जिलाध्यक्ष हिमांशु गावा एवं रुद्रपुर महानगर अध्यक्ष ममता रानी समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।










