रुद्रपुर
ऊधम सिंह नगर एसओएस चिल्ड्रन विलेजेज इंडिया द्वारा महिला कल्याण निदेशालय, उत्तराखंड के साथ किए गए समझौता ज्ञापन (MoU) के अंतर्गत राज्य के 13 जनपदों में संचालित किनशिप केयर कार्यक्रम के तहत उधमसिंह नगर में एक जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। संस्था वर्ष 1963 से अनाथ एवं संकटग्रस्त बच्चों के कल्याण हेतु निरंतर कार्यरत एक गैर-लाभकारी एवं स्वैच्छिक संगठन है।
मिली जानकारी के अनुसार, किनशिप केयर कार्यक्रम के अंतर्गत प्रदेशभर में कुल 282 बच्चे लाभान्वित हो रहे हैं, जो मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना एवं स्पॉन्सरशिप योजना के अंतर्गत नामांकित हैं। उधमसिंह नगर जनपद में जिला प्रोबेशन अधिकारी के सहयोग से 18 बच्चों को इस कार्यक्रम के अंतर्गत सहायता प्रदान की जा रही है। इसी क्रम में 05 फरवरी 2026 को शासकीय ऑडिटोरियम हॉल में बच्चों एवं उनके अभिभावकों के लिए एक जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई।
यह कार्यशाला जिला प्रोबेशन अधिकारी श्रीमती व्योमा जैन के सहयोग से संपन्न हुई। कार्यशाला में प्रतिभागियों को कार्यक्रम से जुड़ी जानकारी देने के साथ-साथ बाल अधिकार, बाल संरक्षण नीति, बाल शोषण की रोकथाम तथा बाल विवाह के दुष्परिणामों पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही बच्चों के समग्र विकास में शिक्षा एवं कौशल विकास की भूमिका पर विशेष जोर दिया गया।
कार्यक्रम के अंत में जिला प्रोबेशन अधिकारी श्रीमती व्योमा जैन ने प्रतिभागियों का धन्यवाद करते हुए बच्चों के सर्वांगीण विकास हेतु हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। इस अवसर पर एसओएस चिल्ड्रन विलेज की ओर से श्री संतोष सिंह (निदेशक, एसओएस चिल्ड्रन विलेज उत्तराखंड), श्री राहुल मिंज एवं श्री अरुण सिंह पाटनी उपस्थित रहे।











