गदरपुर
प्रेस वार्ता के अंत में पालिकाध्यक्ष ने पुनः सभी क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे 22 फरवरी को आवास विकास स्थित डॉ. हेडगेवार पार्क (दशहरा पार्क) में समय पर पहुंचकर हिन्दू सम्मेलन में भाग लें और सामाजिक एकता एवं सांस्कृतिक जागरण के इस महाअभियान का हिस्सा बनें। उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज को संगठित और सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
नगर पालिका परिषद गदरपुर के अध्यक्ष श्री मनोज गुम्बर “मिन्टू” द्वारा 22 फरवरी को आयोजित होने वाले भव्य हिन्दू सम्मेलन को लेकर आज प्रेस वार्ता आयोजित की गई। यह सम्मेलन आवास विकास स्थित डॉ. हेडगेवार पार्क, जिसे दशहरा पार्क के नाम से भी जाना जाता है, में आयोजित किया जाएगा। प्रेस वार्ता के दौरान पालिकाध्यक्ष ने कार्यक्रम की रूपरेखा, उद्देश्य और तैयारियों की विस्तृत जानकारी साझा की।
पालिकाध्यक्ष श्री मनोज गुम्बर “मिन्टू” ने बताया कि यह हिन्दू सम्मेलन सामाजिक एकता, सांस्कृतिक जागरूकता और सनातन मूल्यों के संरक्षण के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में समाज को एकजुट होकर अपनी परंपराओं, संस्कारों और सांस्कृतिक विरासत को सशक्त बनाने की आवश्यकता है। यह सम्मेलन उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसमें क्षेत्र के प्रबुद्धजन, सामाजिक कार्यकर्ता, युवा, मातृशक्ति और आम नागरिक बड़ी संख्या में भाग लेंगे। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील करते हुए कहा कि अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाएं। उन्होंने विशेष रूप से सभी माता-बहनों, युवाओं और बच्चों से भी कार्यक्रम में सहभागिता का आग्रह किया, ताकि यह आयोजन समाज के हर वर्ग की भागीदारी का प्रतीक बन सके। उन्होंने विश्वास जताया कि गदरपुर की जनता हमेशा की तरह इस कार्यक्रम को भी ऐतिहासिक बनाएगी।
प्रेस वार्ता में कार्यक्रम के संयोजक बंटी छाबड़ा ने बताया कि सम्मेलन की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। उन्होंने कहा कि सम्मेलन में कई प्रमुख वक्ता समाज को संबोधित करेंगे और सामाजिक समरसता, राष्ट्र निर्माण एवं सांस्कृतिक मूल्यों पर अपने विचार रखेंगे।
सह-संयोजक प्रमोद नेगी और सह-संयोजिका पूनम कोशिक ने बताया कि नगर के विभिन्न वार्डों में जनसंपर्क अभियान भी चलाया जा रहा है, जिससे अधिक से अधिक लोगों तक कार्यक्रम की जानकारी पहुंच सके और ज्यादा से ज्यादा लोग पहुंचे इसके लिए कार्यक्रम में पहुंचने की अपील भी की गई।
इस अवसर पर सभासद सचिन गुप्ता, दर्शन सिंह नेगी, पंकज कांडपाल, गुलशन आनंद, जुगनु सुखिजा, मंजू गुम्बर एवं आकाश कोचर सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।











