प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल की अनूठी पहल, 100 वर्ष पूर्ण कर चुके बुजुर्गों को मिला राष्ट्र सम्मान
गदरपुर
77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर गदरपुर में प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल द्वारा आयोजित कार्यक्रम ने पूरे नगर का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। इस वर्ष व्यापार मंडल ने परंपरागत ध्वजारोहण से हटकर एक ऐतिहासिक और प्रेरणादायी पहल करते हुए 100 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके शतायु बुजुर्गों के हाथों तिरंगा फहरवाया, जिसने कार्यक्रम को भावनात्मक और गौरवपूर्ण बना दिया।

प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल गदरपुर के अध्यक्ष दीपक बेहड़, महामंत्री संदीप चावला एवं कोषाध्यक्ष राहुल अनेजा के नेतृत्व में नैनीताल बैंक के समीप आयोजित इस कार्यक्रम में जैसे ही बुजुर्गों ने ध्वजारोहण किया, पूरा क्षेत्र भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारों से गूंज उठा। उपस्थित जनसमूह ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ बुजुर्गों के प्रति सम्मान प्रकट किया। कार्यक्रम में नगर के व्यापारी, सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि, युवा, महिलाएं एवं वरिष्ठ नागरिक बड़ी संख्या में मौजूद रहे। ध्वजारोहण के पश्चात मिठाइयों का वितरण किया गया। व्यापार मंडल पदाधिकारियों ने कहा कि बुजुर्ग समाज की धरोहर हैं और राष्ट्र निर्माण में उनके अनुभव व संस्कारों का सम्मान करना हम सबका कर्तव्य है।

व्यापार मंडल की इस पहल को नगरवासियों ने खुले दिल से सराहा और इसे आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बताया। कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि गणतंत्र दिवस केवल उत्सव नहीं, बल्कि मूल्यों और परंपराओं को सहेजने का अवसर है।
इस मौके पर पंजाबी महासभा गदरपुर के अध्यक्ष कृष्ण अरोड़ा, कोषाध्यक्ष कृष्ण अनेजा, कांग्रेस नगर मंडल अध्यक्ष सिद्धार्थ भुसरी, संतोष गुप्ता, बलदेव गाबा, नरेंद्र ग्रोवर, अश्विनी कुमार, संजीव अरोड़ा, टीकम खेड़ा, आकाश पपनेजा, रमन छाबड़ा, बंटी छाबड़ा, निशांत अरोड़ा आदि गणमान्य लोग मौजूद रहे।











