विद्यालयी बच्चों की प्रस्तुतियों ने बांधा समां, ग्रामीणों ने एकता और अखंडता का लिया संकल्प
गदरपुर
नगर के निकटवर्ती ग्राम सभा सरदारनगर (पथरकुई) में 77वां गणतंत्र दिवस पूरे जोश, उल्लास और देशभक्ति के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में ग्राम प्रधान साबिर हुसैन, पूर्व प्रधान चंद्रजीत सुधा, वरिष्ठ समाजसेवी सागर गाबा, नजीर खान सहित ग्राम के अनेक गणमान्य नागरिकों ने ध्वजारोहण किया।

इस अवसर पर राजकीय प्राथमिक विद्यालय एवं राजकीय जूनियर प्राथमिक विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं की विशेष भागीदारी रही। विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीत, कविताएं और भाषण प्रस्तुत कर उपस्थित ग्रामीणों को भावविभोर कर दिया। बच्चों की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को जीवंत बना दिया।

शिक्षकों ने अपने संबोधन में बच्चों को संविधान, नागरिक अधिकारों और कर्तव्यों की जानकारी दी और उन्हें एक जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा दी। ग्रामीणों ने एकजुट होकर तिरंगे को सलामी दी और देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों को बनाए रखने का संकल्प लिया।

ग्राम स्तर पर आयोजित इस कार्यक्रम ने यह स्पष्ट संदेश दिया कि राष्ट्र निर्माण की मजबूत नींव गांवों से ही तैयार होती है। ग्राम सरदारनगर में मनाया गया गणतंत्र दिवस सादगी, अनुशासन और सामूहिक सहभागिता का उत्कृष्ट उदाहरण बना।
इस अवसर पर रशीद अहमद, मनोज गिरी, सुभाष डूमड़ा, विक्रांत सुधा, रामजीत, गुड्डू कुशवाहा, मोनू, मोहम्मद आसिफ, श्रीमती सुधा, श्रीमती अनीता यादव, पुष्पा सक्सेना, पूनम चौहान, मंनोज कुमार, पंकज चौहान, शशि भारती आदि लोग मौजूद रहे।











