गदरपुर पुलिस की त्वरित कार्रवाई, घटना में प्रयुक्त 2 मोटरसाइकिल भी बरामद; यात्रियों में दहशत फैलाने का मामला
गदरपुर
उत्तराखंड परिवहन की सरकारी रोडवेज बस में तोड़फोड़ कर चालक के साथ मारपीट और यात्रियों में दहशत फैलाने वाले चार शातिर अभियुक्तों को कोतवाली गदरपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त दो बिना नंबर की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी बरामद की हैं, आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है, जबकि अन्य फरार अभियुक्तों की तलाश जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 01 अप्रैल 2026 को वादी शारदा शंकर पुत्र खड़क सेन शर्मा, निवासी शारदा घाट वार्ड नंबर 1 टनकपुर द्वारा कोतवाली गदरपुर में तहरीर देकर बताया गया कि अज्ञात व्यक्तियों द्वारा उत्तराखंड परिवहन की रोडवेज बस में तोड़फोड़ की गई, चालक के साथ मारपीट की गई तथा बस में सवार यात्रियों को डराया-धमकाया गया। साथ ही सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया गया।
इस आधार पर कोतवाली गदरपुर में FIR संख्या 102/2026 धारा 126(2), 115(2), 191(2), 352, 351(2), 324(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक मोहन सिंह बोरा को सौंपी गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, जनपद ऊधम सिंह नगर द्वारा मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए। पुलिस अधीक्षक अपराध/काशीपुर तथा क्षेत्राधिकारी बाजपुर के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक गदरपुर संजय पाठक के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 02 अप्रैल 2026 को मुखबिर की सूचना पर चार अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान हरजिंदर सिंह (21 वर्ष), रिंकु सिंह (20 वर्ष), गोविंद सिंह (24 वर्ष) निवासीगण ग्राम खुशालपुर थाना गदरपुर तथा अयान (21 वर्ष) निवासी सरोवर नगर थाना गदरपुर के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि 01 अप्रैल को वे अपने साथियों के साथ मोटरसाइकिल से घूमने निकले थे। महतोष क्षेत्र के एक होटल में शराब पीने के बाद जब वे गदरपुर लौट रहे थे, तभी महतोष मोड़ पर रोडवेज बस ने उनकी बाइक को ओवरटेक किया, जिससे रिंकु बाल-बाल बचा। इसी बात से आक्रोशित होकर आरोपियों ने बस का पीछा किया और चीनी मिल के पास बस को रोककर चालक से गाली-गलौज और मारपीट की।
इसके बाद भी गुस्सा शांत नहीं हुआ और केलाखेड़ा रत्नामडैया क्षेत्र में दोबारा बस को रोककर लाठी-डंडों से जमकर तोड़फोड़ की। जिस पर कार्यवाई करते हुए पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त दो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (बिना नंबर) बरामद कर ली हैं। पुलिस के अनुसार, मामले में अन्य अभियुक्तों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में कानून व्यवस्था को लेकर सकारात्मक संदेश गया है, वहीं इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाने की दिशा में यह बड़ी सफलता मानी जा रही है।
पुलिस द्वारा की गई कार्यवाही टीम में प्रभारी निरीक्षक संजय पाठक, उपनिरीक्षक मोहन सिंह बोरा, हेड कांस्टेबल चैतन्य सुयाल, कांस्टेबल जीवन फुलेरा, रवींद्र सिंह, मोहन बोहरा और राजेंद्र सिंह बिष्ट शामिल रहे।











