पुलिस की त्वरित कार्रवाई, घटना में प्रयुक्त बिना नंबर की बाइक भी बरामद
गदरपुर
कोतवाली गदरपुर क्षेत्र में रोडवेज बस में तोड़फोड़, चालक के साथ मारपीट और गाली-गलौज करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बिना नंबर की मोटरसाइकिल भी बरामद की है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, 1 अप्रैल 2026 को टनकपुर निवासी शारदा शंकर ने तहरीर देकर बताया था कि अज्ञात युवकों ने उत्तराखंड परिवहन की रोडवेज बस को रोककर उसमें तोड़फोड़ की और चालक समेत यात्रियों के साथ मारपीट व अभद्रता की। इस मामले में कोतवाली गदरपुर में विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक उधम सिंह नगर के निर्देश पर पुलिस टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए 2 अप्रैल को मुखबिर की सूचना पर हरजिन्दर सिंह (21) निवासी ग्राम खुशालपुर को केलाखेड़ा क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने साथियों के साथ बाइक से घूमने निकला था। महतोश क्षेत्र में एक होटल में शराब पीने के बाद जब वे गदरपुर की ओर लौट रहे थे, तभी रोडवेज बस द्वारा ओवरटेक किए जाने पर उनके साथी की बाइक टक्कर से बाल-बाल बची।
इसी बात से नाराज होकर उन्होंने बस का पीछा किया और पहले चीनी मिल के पास बस को रोककर गाली-गलौज की तथा तोड़फोड़ की। इसके बाद केलाखेड़ा-रतनामडैया मार्ग पर दोबारा बस को घेरकर लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बिना नंबर की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (चेसिस नंबर MBLHAR074JHJ27578) बरामद कर ली है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है और जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
कार्यवाही करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक संजय पाठक, उपनिरीक्षक मोहन सिंह बोहरा, हेड कांस्टेबल चैतन्य सुयाल, कांस्टेबल जीवन फुलेरा और कांस्टेबल रविन्द्र सिंह आदि शामिल थे।











