गदरपुर
नगर पालिका कार्यालय परिसर में आज दिनांक 30 जनवरी 2026 को प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के अंतर्गत एक विशेष प्रमाण पत्र वितरण समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में उन पात्र परिवारों को आमंत्रित किया गया था, जिनके आवास निर्माण संबंधी आवेदन शासन द्वारा स्वीकृत किए गए हैं।
कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष मनोज गुम्बर एवं भाजपा प्रदेश मंत्री गुंजन सुखीजा मुख्य रूप से उपस्थित रहे। साथ ही अधिशासी अधिकारी कैलाश सिंह पटवाल एवं नगर के सभी सम्मानित सभासदों की गरिमामयी उपस्थिति ने समारोह को विशेष बना दिया। समारोह के दौरान योजना के अंतर्गत पात्र पाए गए 28 लाभार्थियों को विधिवत आवास स्वीकृति प्रमाण पत्र वितरित किए गए।

इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष मनोज गुम्बर ने अपने संबोधन में कहा कि हर व्यक्ति का सपना होता है कि उसका अपना एक पक्का घर हो। प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से सरकार इस सपने को साकार करने का कार्य कर रही है। नगर पालिका पूरी प्रतिबद्धता के साथ यह सुनिश्चित कर रही है कि योजना का लाभ पारदर्शी तरीके से हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचे।
प्रदेश मंत्री गुंजन सुखीजा ने लाभार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह योजना गरीब एवं मध्यम वर्गीय परिवारों के जीवन स्तर को ऊंचा उठाने में मील का पत्थर साबित हो रही है। आज जिन 28 परिवारों को स्वीकृति पत्र मिले हैं, वे शीघ्र ही अपने नए घर में खुशहाल जीवन व्यतीत करेंगे।
अधिशासी अधिकारी कैलाश सिंह पटवाल ने जानकारी दी कि विभागीय स्तर पर पूरी जांच प्रक्रिया के बाद इन लाभार्थियों का चयन किया गया है और आगे भी यह प्रक्रिया निरंतर जारी रहेगी।
कार्यक्रम में सभासद सचिन गुप्ता, रमन छाबड़ा, मुकेश चावला, परमजीत पम्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं पालिका कर्मी उपस्थित रहे। समारोह सौहार्दपूर्ण वातावरण में सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।











