April 14, 2026 7:05 am

गदरपुर मोक्ष धाम की सुंदरता देखेगी देश-विदेश की दुनिया

महाशिवरात्रि पर रिलीज होगा भजन सम्राट शेखर जायसवाल का नया भजन, मोक्ष धाम में हुई शूटिंग

गदरपुर

      नगर क्षेत्र में स्थित मोक्ष धाम (शमशान घाट) अपनी अद्भुत सुंदरता, स्वच्छता और सुव्यवस्थित वातावरण के लिए दूर-दूर तक प्रसिद्ध है। इसकी सुंदरता की चर्चा अब केवल स्थानीय स्तर तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि देश-विदेश तक इसकी पहचान बनने जा रही है। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर रिलीज होने जा रहे प्रसिद्ध भजन सम्राट शेखर जायसवाल के नए भजन की शूटिंग गदरपुर मोक्ष धाम में किए जाने के बाद यह स्थान राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में आने वाला है।

पूर्व पालिका अध्यक्ष अंजू भुड्डी के प्रयासों से मिला मंच
      

       इस संबंध में जानकारी देते हुए पूर्व पालिका अध्यक्ष अंजू भुड्डी ने बताया कि उनके परिचित और देश-विदेश में भजनों के लिए प्रसिद्ध कलाकार शेखर जायसवाल महाशिवरात्रि के अवसर पर अपना नया भजन “भोले से दिल क्यों लगाया है” शूट करने के लिए उपयुक्त स्थान तलाश रहे थे। इसी दौरान उन्होंने कलाकार से गदरपुर मोक्ष धाम को एक बार देखने का आग्रह किया। उनके आग्रह पर शेखर जायसवाल की शूटिंग टीम ने मोक्ष धाम का भ्रमण किया और यहां की भव्यता, साफ-सफाई और सुंदर वातावरण देखकर टीम अत्यंत प्रभावित हुई। इसके बाद मोक्ष धाम को ही शूटिंग के लिए अंतिम रूप से चुना गया।

      पूर्व पालिका अध्यक्ष अंजू भुड्डी ने बताया कि 8 फरवरी को गदरपुर मोक्ष धाम में भजन की शूटिंग पूरी की गई। अब मोक्ष धाम के अध्यक्ष विजय सुखीजा द्वारा वर्षों से किए गए विकास और सौंदर्यीकरण के कार्यों की पहचान देश-विदेश तक पहुंचेगी। यह शूटिंग गदरपुर के लिए गर्व का विषय है और इससे अन्य स्थानों को भी प्रेरणा मिलेगी कि मोक्ष धाम जैसे स्थलों को भी सुंदर और स्वच्छ बनाया जा सकता है।

शेखर जायसवाल ने की अध्यक्ष विजय सुखीजा की प्रशंसा

       शूटिंग के दौरान भजन सम्राट शेखर जायसवाल ने मोक्ष धाम अध्यक्ष विजय सुखीजा द्वारा किए गए कार्यों की खुलकर प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि मोक्ष धाम को जिस तरह स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाया गया है, वह सराहनीय है। साथ ही उन्होंने शूटिंग के लिए स्थान उपलब्ध कराने पर विजय सुखीजा का आभार व्यक्त किया। इसके अलावा शेखर जायसवाल ने पूर्व पालिका अध्यक्ष अंजू भुड्डी को भी विशेष धन्यवाद देते हुए कहा कि उनके सहयोग से ही यह संभव हो पाया। उन्होंने आगे भी इसी प्रकार सहयोग बनाए रखने की अपील की।

महाशिवरात्रि पर रिलीज होगा भजन
बताया गया कि यह प्रसिद्ध भजन महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर रिलीज किया जाएगा। इसके बाद गदरपुर मोक्ष धाम की सुंदरता और व्यवस्था को देश-विदेश के लोग देख सकेंगे।

पहले भी करवा चुकी हैं मंदिर में शूटिंग

       गौरतलब है कि इससे पूर्व भी पूर्व पालिका अध्यक्ष अंजू भुड्डी द्वारा बुध बाजार स्थित श्री सनातन धर्म मंदिर में भजन सम्राट शेखर जायसवाल के माता के भजन की शूटिंग करवाई जा चुकी है। उस भजन को अब तक 25 लाख से अधिक लोग देख चुके हैं, जिससे गदरपुर क्षेत्र की पहचान और अधिक मजबूत हुई है। मोक्ष धाम में हुई यह शूटिंग गदरपुर के लिए एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है, जिससे नगर का नाम देश और विदेश में और अधिक प्रसिद्ध होगा।

SAGAR GABA
Author: SAGAR GABA

और पढ़ें

विज्ञापन

best news portal development company in india

और पढ़ें