रुद्रपुर
भारतीय रिज़र्व बैंक, देहरादून द्वारा सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) क्षेत्र को सशक्त बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को होटल सोनिया, रुद्रपुर में टाउनहॉल बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में जिले भर से आए लगभग 150 उद्यमियों ने सहभागिता की और बैंकिंग, वित्तीय सुविधाओं व नीतिगत पहलुओं पर सीधा संवाद किया।
बैठक की अध्यक्षता भारतीय रिज़र्व बैंक, देहरादून के क्षेत्रीय निदेशक अरविंद कुमार ने की। उन्होंने उपस्थित उद्यमियों का स्वागत करते हुए जनपद ऊधमसिंह नगर में एमएसएमई क्षेत्र के विकास की व्यापक संभावनाओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि सूक्ष्म एवं लघु उद्यम स्थानीय अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं और इनके माध्यम से रोजगार सृजन के साथ-साथ औद्योगिक विकास को गति मिलती है। क्षेत्रीय निदेशक ने उद्यमियों से इस मंच का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान करते हुए भारतीय रिज़र्व बैंक द्वारा एमएसएमई क्षेत्र के लिए उठाए गए विभिन्न कदमों एवं हालिया प्रयासों की जानकारी साझा की।
टाउनहॉल बैठक के दौरान उद्यमियों द्वारा बैंक ऋण, क्रेडिट सुविधा, डिजिटल लेन-देन, सरकारी योजनाओं तथा जेम पोर्टल से जुड़ी जिज्ञासाओं को रखा गया, जिनका विशेषज्ञों द्वारा विस्तार से समाधान किया गया। प्रश्नोत्तर सत्र में उद्यमियों ने खुलकर अपनी समस्याएं और सुझाव भी रखे।
बैठक में नैनीताल बैंक के सीएमडी सुशील कुमार लाल, भारतीय रिज़र्व बैंक के सहायक महाप्रबंधक परमदीप सिंह, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया एवं पंजाब नेशनल बैंक के उपमहाप्रबंधक, जिला अग्रणी प्रबंधक ऊधमसिंह नगर चिराग पटेल, महाप्रबंधक उद्योग विपिन कुमार सहित जेम पोर्टल के प्रतिनिधि एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। आयोजन को उद्यमियों के लिए उपयोगी और मार्गदर्शक बताते हुए सहभागियों ने इस पहल की सराहना की।











