गदरपुर
21 फरवरी 2026। साइबर अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली गदरपुर पुलिस ने छत्तीसगढ़ पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए 1.5 करोड़ रुपये की साइबर ठगी के मामले में वांछित दो अभियुक्तों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। इस कार्रवाई को पुलिस द्वारा साइबर अपराधियों के खिलाफ “सर्जिकल स्ट्राइक” के रूप में देखा जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार छत्तीसगढ़ प्रदेश से निरीक्षक श्री राजीव तिवारी, जो अम्बागढ़ चौकी, जिला मोहला-मानपुर में तैनात हैं, अपनी पुलिस टीम के साथ गदरपुर पहुंचे। उनके नेतृत्व में पंजीकृत 1.5 करोड़ रुपये की साइबर ठगी से संबंधित मुकदमे में फरार चल रहे अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी हेतु कार्रवाई की गई। यह समस्त कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री अजय गणपति के निर्देशानुसार तथा पुलिस उपाधीक्षक बाजपुर के पर्यवेक्षण में संपन्न की गई। कोतवाली गदरपुर से तत्काल आवश्यक पुलिस बल उपलब्ध कराते हुए संयुक्त टीम ने अभियुक्तों के संभावित ठिकानों पर दबिश दी।
कार्रवाई के दौरान प्रथम अभियुक्त सनातन मंडल (30 वर्ष), पुत्र स्वर्गीय चितरंजन मंडल, निवासी रजपुरा नं. 2, बंगाली कॉलोनी, चौकी सकैनिया, गदरपुर, जिला उधमसिंह नगर को सकैनिया क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। वहीं दूसरे अभियुक्त योगेन्द्र सिंह, पुत्र शंकर लाल, निवासी दुर्गा मंदिर वार्ड नं. 04, दिनेशपुर, जनपद उधमसिंह नगर को थाना दिनेशपुर पुलिस के सहयोग से दिनेशपुर क्षेत्र से हिरासत में लिया गया।
दोनों अभियुक्तों के विरुद्ध थाना अम्बागढ़ चौकी, जिला मोहला-मानपुर, छत्तीसगढ़ में मुकदमा अपराध संख्या 03/2026 धारा 318(4)/317(4) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज है। पुलिस के अनुसार यह मामला बड़े स्तर की साइबर ठगी से जुड़ा हुआ है, जिसमें लगभग 1.5 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी की गई थी।
गिरफ्तार अभियुक्तों को नियमानुसार ट्रांजिट रिमांड हेतु माननीय न्यायालय में पेश किया गया है। अग्रिम विधिक कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है तथा छत्तीसगढ़ पुलिस टीम उन्हें अपने साथ ले जाकर विस्तृत पूछताछ करेगी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि साइबर अपराध के विरुद्ध सख्त अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे अपराधों में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। संयुक्त कार्रवाई से यह स्पष्ट संदेश गया है कि साइबर ठगी जैसे अपराधों में शामिल आरोपियों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।











