April 14, 2026 7:05 am

जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार : नारायणपुर में बहुद्देशीय शिविर बना सुशासन का सशक्त मंच

एक ही छत के नीचे मिलीं सभी सरकारी सेवाएं, 1757 लाभार्थियों को योजनाओं का सीधा लाभ, 52 शिकायतों का मौके पर निस्तारण

किच्छा

       सूबे के माननीय मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों पर संचालित “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” अभियान के अंतर्गत बुधवार को विकास खण्ड रुद्रपुर की न्याय पंचायत नारायणपुर में एक भव्य एवं बहुद्देशीय जनकल्याणकारी शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।

     यह शिविर प्रशासन और आम जनता के बीच सीधे संवाद का सशक्त माध्यम बना, जहां ग्रामीणों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं एवं योजनाओं का लाभ प्राप्त हुआ। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की सहभागिता देखने को मिली, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि सरकार की योजनाएं अब सीधे जनता तक पहुंच रही हैं। मुख्य अतिथि पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने कहा कि जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार कार्यक्रम सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में प्राप्त सभी शिकायतों एवं समस्याओं का त्वरित और प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

       उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार द्वारा अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका लाभ पात्र व्यक्तियों तक शत-प्रतिशत पहुंचाना अधिकारियों की जिम्मेदारी है। उन्होंने जनता से भी अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में शिविरों में पहुंचकर योजनाओं का लाभ उठाएं। विशिष्ट अतिथि दर्जा मंत्री खतीब अहमद एवं ब्लॉक प्रमुख रीना गौतम ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में संचालित इस अभियान की सराहना करते हुए कहा कि सरकार जनता की समस्याओं के समाधान के लिए स्वयं उनके द्वार तक पहुंच रही है। उन्होंने विभिन्न विभागीय योजनाओं की जानकारी देते हुए ग्रामीणों से अपील की कि वे जागरूक बनें और सरकारी योजनाओं का पूरा लाभ लें।

       अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिविर में प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए तथा जो प्रकरण मौके पर हल नहीं हो सकते, उन्हें समयबद्ध रूप से निपटाया जाए। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के शिविर सुशासन की अवधारणा को मजबूत करते हैं और प्रशासन को जनता के और करीब लाते हैं। शिविर के दौरान विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को चेक, महालक्ष्मी किट, टूल किट, कंबल, प्रमाण पत्र आदि वितरित किए गए। मौके पर ही आवेदन प्राप्त कर उनका पंजीकरण किया गया तथा अनेक पात्र लाभार्थियों को तत्काल लाभान्वित भी किया गया। शिविर में कुल 24 विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए, जहां अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।

      स्वास्थ्य विभाग द्वारा निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा मरीजों को दवाइयां वितरित की गईं। स्वास्थ्य शिविर में 670 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण, 4 बच्चों का टीकाकरण, 38 एक्स-रे, होम्योपैथिक से 168 तथा आयुर्वेद एवं यूनानी पद्धति से 182 लोगों का उपचार किया गया। इस बहुद्देशीय शिविर में कुल 1757 लोगों को विभिन्न विभागीय योजनाओं से लाभान्वित किया गया। शिविर के दौरान 97 शिकायतें एवं मांगें पंजीकृत की गईं, जिनमें से 52 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। प्रशासनिक सेवाओं के अंतर्गत 2 विरासत प्रमाण पत्र, 11 स्थायी निवास प्रमाण पत्र, 15 जाति प्रमाण पत्र, 22 आय प्रमाण पत्र, 1 उत्तरजीवी प्रमाण पत्र, 2 चरित्र प्रमाण पत्र, 15 परिवार रजिस्टर की नकल, 5 जन्म-मृत्यु पंजीकरण, 10 पेंशन प्रस्ताव तथा 12 अन्य प्रकरणों का निस्तारण किया गया। इसके अतिरिक्त 10 मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट, 10 गर्भवती महिलाओं की गोदभराई, 5 बच्चों का अन्नप्राशन, 11 कुपोषित बच्चों की जांच, 6 पीएम मातृ वंदना योजना, 2 दिव्यांग प्रमाण पत्र एवं 31 विभिन्न पेंशन प्रकरण निपटाए गए।

      शिक्षा विभाग द्वारा 6 छात्राओं को साइकिल चेक वितरित किए गए। श्रम विभाग द्वारा 2 श्रम कार्ड बनाए गए, 2 पेंशन स्वीकृत की गईं तथा 12 लाभार्थियों को टूल किट, कंबल एवं छाता वितरित किया गया। साथ ही 23 श्रमिकों का पंजीकरण किया गया। शिविर में 4 आधार कार्ड अपग्रेड एवं नए बनाए गए। सेवायोजन विभाग द्वारा 9 लोगों को, पर्यटन विभाग द्वारा 100 लोगों को, डेयरी विभाग द्वारा 28, पशुपालन विभाग द्वारा 88, उद्योग विभाग द्वारा 7 तथा उरेडा द्वारा 11 लोगों को योजनाओं की जानकारी दी गई।

       ग्राम्य विकास विभाग, मत्स्य विभाग एवं यूपीसीएल द्वारा भी विभिन्न प्रकरणों का निस्तारण किया गया।

      शिविर में प्रभारी मंत्री प्रतिनिधि जितेंद्र गौतम, जिला पंचायत सदस्य प्रेम आर्या, क्षेत्र पंचायत सदस्य नेहा, ग्राम प्रधान वीरेंद्र यादव, दीपिका देवी, रेखा देवी, गुरमीत सिंह, पूर्व उपाध्यक्ष राजेश तिवारी, पूर्व महामंत्री नारायण पाठक सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। साथ ही उपजिलाधिकारी गौरव पांडे, तहसीलदार दिनेश कुटोला, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राजेश आर्या, खंड विकास अधिकारी असित आनंद समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। यह शिविर न केवल योजनाओं के क्रियान्वयन का मंच बना, बल्कि प्रशासन और जनता के बीच विश्वास एवं संवाद को और मजबूत करने वाला सफल आयोजन साबित हुआ।

SAGAR GABA
Author: SAGAR GABA

और पढ़ें

विज्ञापन

best news portal development company in india

और पढ़ें