April 14, 2026 7:03 am

ऑपरेशन प्रहार में गदरपुर पुलिस की बड़ी सफलता, पांच चोरी की बाइक के साथ दो शातिर गिरफ्तार

चेकिंग के दौरान दबोचे गए आरोपी, निशानदेही पर चार और बाइक बरामद; संगठित अपराध की धारा बढ़ाई गई

गदरपुर

       गदरपुर पुलिस ने ‘ऑपरेशन प्रहार’ अभियान के तहत मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं का सफल खुलासा करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की कुल पांच मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। गिरफ्तार किए गए दोनों अभियुक्तों का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है, जिसके चलते पुलिस ने मामले में संगठित अपराध की धारा भी बढ़ा दी है।

        प्राप्त जानकारी के अनुसार, 8 अप्रैल 2026 को ग्राम बराखेड़ा, पोस्ट गदरपुर निवासी अविश अरोरा पुत्र किशन लाल ने अपनी हीरो होंडा स्प्लेंडर प्लस (रजिस्ट्रेशन संख्या UK06BB3002) चोरी होने की तहरीर कोतवाली गदरपुर में दी थी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा संख्या 111/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज किया।

     वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक उधम सिंह नगर द्वारा जिले में बढ़ रही बाइक चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र खुलासे के निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक अपराध काशीपुर तथा क्षेत्राधिकारी बाजपुर के पर्यवेक्षण में गदरपुर पुलिस टीम को सक्रिय किया गया। वहीं 11 अप्रैल 2026 को ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत चलाए जा रहे चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस टीम एनएच-74 काशीपुर रोड स्थित सरदारनगर फ्लाईओवर के पास तैनात थी। इसी दौरान दो संदिग्ध युवक मोटरसाइकिल पर आते दिखाई दिए। पुलिस द्वारा रुकने का इशारा करने पर वे तेजी से भागने लगे। संदेह होने पर पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया।

        पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम विजय विश्वास (24) पुत्र सुरेन्द्र विश्वास निवासी वार्ड नंबर 3 चंदनगढ़ तथा आनंद विश्वास (25) पुत्र दुलाल विश्वास निवासी मोतीपुर नंबर 2, थाना दिनेशपुर बताया। उनके कब्जे से बरामद मोटरसाइकिल की जांच करने पर वह चोरी की निकली, जो मुकदमा संख्या 111/2026 से संबंधित पाई गई। इसके बाद पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की, जिसमें आरोपियों ने अन्य चोरी की घटनाओं को भी कबूल किया। उनकी निशानदेही पर सरदारनगर श्मशान घाट से आगे नाले के किनारे झाड़ियों में छिपाकर रखी गई चार अन्य मोटरसाइकिलें बरामद की गईं। बरामद सभी मोटरसाइकिलें हीरो स्प्लेंडर प्लस मॉडल की हैं, जिनमें कुछ बिना नंबर प्लेट के हैं और एक का चेसिस नंबर भी घिसा हुआ पाया गया।

     पुलिस के अनुसार, दोनों अभियुक्त पेशेवर चोर हैं और पूर्व में भी इनके खिलाफ चोरी के कई मामले दर्ज हैं। इनके आपराधिक इतिहास को देखते हुए मामले में संगठित अपराध की धारा 112 बीएनएस की बढ़ोत्तरी की गई है। गिरफ्तार आरोपियों को आवश्यक कार्रवाई के बाद माननीय न्यायालय में पेश किया जा रहा है। इस पूरी कार्रवाई को प्रभारी निरीक्षक संजय पाठक के नेतृत्व में उपनिरीक्षक मुकेश मिश्रा, कांस्टेबल कुंदन सिंह, उमेश जोशी एवं मनोज कुमार की टीम ने अंजाम दिया।

SAGAR GABA
Author: SAGAR GABA

और पढ़ें

विज्ञापन

best news portal development company in india

और पढ़ें