April 14, 2026 7:03 am

ऑपरेशन प्रहार के तहत गदरपुर पुलिस की कार्रवाई, युवक अवैध तमंचा व कारतूस सहित गिरफ्तार

गदरपुर

         वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, जनपद उधम सिंह नगर के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन प्रहार” के तहत कोतवाली गदरपुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। संदिग्ध व्यक्तियों एवं अवैध शस्त्र रखने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे इस अभियान के अंतर्गत पुलिस टीम ने एक युवक को अवैध तमंचा और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है।

          प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक अपराध/पुलिस अधीक्षक काशीपुर तथा क्षेत्राधिकारी बाजपुर के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक गदरपुर के नेतृत्व में दिनांक 08 अप्रैल 2026 को क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान पुलिस टीम आनंद पब्लिक स्कूल से लगभग 500 मीटर आगे मकरंदपुर की ओर जाने वाली नहर की पुलिया के पास महतोष क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी।

        चेकिंग के दौरान एक युवक संदिग्ध अवस्था में घूमता हुआ दिखाई दिया। पुलिस द्वारा रोककर पूछताछ एवं तलाशी लेने पर उसके कब्जे से एक अदद अवैध 12 बोर तमंचा एवं एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पूछताछ में युवक की पहचान अभिजोत सिंह (20 वर्ष), पुत्र सोनू सिंह, निवासी मकरंदपुर गदरपुर, जनपद उधम सिंह नगर के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही हिरासत में लेकर उसके विरुद्ध धारा 3/25 आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया।

        इस संबंध में कोतवाली गदरपुर में FRI संख्या 112/2026 पंजीकृत की गई है। पुलिस द्वारा आरोपी को न्यायालय में पेश करने की तैयारी की जा रही है, साथ ही उसके आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।

       इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक गदरपुर संजय पाठक के नेतृत्व में उपनिरीक्षक मुकेश (प्रभारी चौकी महतोष), कांस्टेबल उमेश जोशी तथा कांस्टेबल कुंदन सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही। गदरपुर पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है। अभियान के तहत आगे भी इस प्रकार की सघन चेकिंग और कार्रवाई जारी रहने की बात कही गई है।

SAGAR GABA
Author: SAGAR GABA

और पढ़ें

विज्ञापन

best news portal development company in india

और पढ़ें