April 16, 2026 9:09 pm

गदरपुर में जनगणना को लेकर प्रशासन सक्रिय, स्व-गणना के लिए आमजन से अपील

उप जिलाधिकारी व तहसीलदार ने बैठक कर दी जानकारी, 10 से 24 अप्रैल तक पोर्टल पर खुद भर सकेंगे विवरण

गदरपुर

          तहसील परिसर गदरपुर में मंगलवार को उप जिलाधिकारी एवं तहसीलदार की अध्यक्षता में जनगणना 2026 को सफल बनाने के लिए एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में अधिकारियों ने जनगणना प्रक्रिया को सरल और डिजिटल बनाने के उद्देश्य से शुरू की गई ‘स्व-गणना’ (Self Enumeration) सुविधा की जानकारी दी और आमजन से इसमें अधिक से अधिक भागीदारी की अपील की।

          उप जिलाधिकारी ने बताया कि अब नागरिकों को प्रगणक (Enumerator) के घर आने का इंतजार करने की आवश्यकता नहीं है। वे स्वयं ही निर्धारित पोर्टल के माध्यम से अपनी जनगणना संबंधी जानकारी ऑनलाइन भर सकते हैं। इससे समय की बचत होगी और प्रक्रिया अधिक पारदर्शी व सटीक बनेगी।

         उन्होंने बताया कि स्व-गणना की प्रक्रिया 10 अप्रैल 2026 से शुरू होकर 24 अप्रैल 2026 तक चलेगी, जो कुल 15 दिनों की अवधि होगी।
इस दौरान नागरिक https://se.census.gov.in⁠ पोर्टल पर जाकर अपनी जानकारी दर्ज कर सकते हैं। इसके बाद 25 अप्रैल से 24 मई तक प्रगणक घर-घर जाकर मकानों की सूची तैयार करेंगे और आवश्यक जानकारी एकत्रित करेंगे।

          बैठक में अधिकारियों ने स्व-गणना की पूरी प्रक्रिया को विस्तार से समझाया। बताया गया कि सबसे पहले नागरिकों को पोर्टल पर जाकर अपना राज्य चुनना होगा और कैप्चा भरना होगा। इसके बाद परिवार के मुखिया के नाम और मोबाइल नंबर से पंजीकरण कर ओटीपी के माध्यम से सत्यापन किया जाएगा। आगे की प्रक्रिया में भाषा चयन, जिला, पिन कोड व क्षेत्र की जानकारी भरकर मैप पर घर की लोकेशन चिन्हित करनी होगी और प्रश्नावली पूरी करनी होगी।

          प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद संबंधित व्यक्ति को एक यूनिक SE ID प्राप्त होगी, जिसे प्रगणक के आने पर दिखाना होगा। इससे डेटा का सत्यापन आसान हो जाएगा, उप जिलाधिकारी ने गदरपुर के सभी नागरिकों से आह्वान किया कि वे राष्ट्र निर्माण के इस महाभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और स्व-गणना पोर्टल का अधिक से अधिक उपयोग करें। साथ ही उन्होंने प्रगणकों को भी सही व सटीक जानकारी देने की अपील की।

          इस दौरान उप जिलाधिकारी और तहसीलदार ने अपनी टीम के साथ स्वयं भी स्व-गणना कर आमजन को जागरूक करने का संदेश दिया। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

        

        

SAGAR GABA
Author: SAGAR GABA

और पढ़ें

विज्ञापन

best news portal development company in india

और पढ़ें