भाजपा महिला मोर्चा जिला रानीखेत द्वारा ताड़ीखेत में महिला मोर्चे की प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट के स्वागत एवं सम्मान में भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिला मोर्चे की प्रदेश महामंत्री रश्मि रस्तोगी तथा कुमाऊं मंडलीय संयोजक अंजू भुडडी भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महिला मोर्चे की प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट ने कहा कि उत्तराखंड की महिलाएं सदैव से सशक्त रही हैं और राज्य निर्माण में उनकी अहम भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि यहां की महिलाओं में आगे बढ़ने की अपार क्षमता है। महिला समूहों द्वारा तैयार किए जा रहे उत्पादों को उचित बाजार और वाजिब मूल्य मिलना जरूरी है। इसके लिए महिला मोर्चा सरकार के समक्ष ठोस पहल करेगा।
प्रदेश महामंत्री रश्मि रस्तोगी ने कहा कि महिलाओं के सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता के लिए भाजपा सरकार द्वारा अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका लाभ समाज की अंतिम पंक्ति की महिला तक पहुंच रहा है।

कुमाऊं मण्डल की संयोजक अंजू भुडडी ने अपने सम्बोधन में महिलाओं से अपने अधिकारों और सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक होने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए सरकार ने कई प्रक्रियाएं आसान की हैं, अब जरूरी है कि महिलाएं स्वयं आगे आकर योजनाओं का लाभ उठाएं। उन्होंने महिला समूहों की मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि उनके उत्पादों को स्थायी बाजार और उचित मूल्य दिलाने के लिए महिला मोर्चा लगातार प्रयासरत रहेगा। इससे पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट, प्रदेश महामंत्री रश्मि रस्तोगी, प्रदेश मंत्री विमला रावत एवं कुमाऊं संयोजक अंजू भुडडी का सम्मान किया गया।
कार्यक्रम में दर्जा राज्यमंत्री कैलाश पंत, भाजपा जिलाध्यक्ष घनश्याम भट्ट, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष हेमा नेगी, पूर्व प्रमुख धन सिंह रावत, पूर्व जिलाध्यक्ष दीप भगत, मोहन नेगी सहित बड़ी संख्या में मातृशक्ति उपस्थित रही।











