
गदरपुर
कोतवाली गदरपुर पुलिस ने सघन चेकिंग अभियान के दौरान एक युवक को अवैध तमंचा, जिंदा कारतूस और चोरी की मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जनपद में संदिग्ध व्यक्तियों और अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक अपराध/काशीपुर और क्षेत्राधिकारी बाजपुर के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक गदरपुर के नेतृत्व में 20 मार्च की रात चेकिंग अभियान चलाया गया।
चेकिंग के दौरान चीनी मिल रोड स्थित दिनेशपुर अंडरपास के पास बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल चलाते एक संदिग्ध युवक को रोका गया। पूछताछ में युवक वाहन के कागजात नहीं दिखा पाया। तलाशी लेने पर उसके पास से एक 12 बोर का अवैध तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि तमंचा उसने शौक और लोगों को डराने के लिए रखा था, जबकि मोटरसाइकिल उसने ठाकुरद्वारा क्षेत्र से चोरी की थी।
पुलिस ने आरोपी अफजाल अली (29 वर्ष), निवासी ग्राम लगड़ाभोज, को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ धारा 3/25 आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है। आरोपी के खिलाफ पहले भी चोरी के कई मामले दर्ज बताए जा रहे है, पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है
इस दौरान कार्यवाही टीम में प्रभारी निरीक्षक संजय पाठक, उपनिरीक्षक मुकेश मिश्रा (प्रभारी चौकी महतोष), कांस्टेबल उमेश जोशी, कांस्टेबल कुंदन सिंह आदि थे।











