गदरपुर
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जनपद में चलाए जा रहे अवैध हथियारों के खिलाफ अभियान के तहत कोतवाली गदरपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने एक व्यक्ति को अवैध तमंचा और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है।
मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक अपराध/काशीपुर एवं क्षेत्राधिकारी बाजपुर के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक गदरपुर के नेतृत्व में 17 मार्च 2026 की रात को पुलिस टीम गश्त पर थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर सरदार नगर फ्लाईओवर के पास घेराबंदी कर एक संदिग्ध व्यक्ति को रोका गया। तलाशी लेने पर आरोपी के पास से एक अवैध 315 बोर का तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी की पहचान मनोज कुमार (37 वर्ष) पुत्र जनक प्रसाद, निवासी ग्राम आर्य नगर, कोतवाली गदरपुर, के रूप में हुई।
पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर उसके खिलाफ कोतवाली गदरपुर में धारा 3/25 आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है। बरामदगी के आधार पर दर्ज एफआईआर संख्या 83/2025 के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है, वहीं उसके आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। गदरपुर पुलिस की इस कार्रवाई को अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एक अहम सफलता माना जा रहा है।
इस दौरान कार्यवाही करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक संजय पाठक उपनिरीक्षक विजय कुमार (चौकी सकैनिया प्रभारी), हेड कांस्टेबल चैतन्य सुयाल, कांस्टेबल राजेन्द्र बिष्ट, मोहन भट्ट और जीवन फुलेरा शामिल रहे।











