April 20, 2026 4:15 pm

रामनवमी पर गदरपुर में शक्ति पूजन कार्यक्रम, 101 कन्याओं का हुआ पूजन

गदरपुर

       भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चे की प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट के निर्देशानुसार गदरपुर महिला मोर्चा द्वारा रामनवमी के पावन अवसर पर शक्ति पूजन एवं कन्या पूजन कार्यक्रम का भ व्य आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम सिनेमा रोड स्थित श्री दुर्गा मंदिर में संपन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं एवं कन्याओं की सहभागिता देखने को मिली।

       कार्यक्रम की शुरुआत 101 कन्याओं के विधिवत पूजन के साथ हुई। इसके बाद भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। उपस्थित महिलाओं ने पूरे उत्साह के साथ कार्यक्रम में भाग लिया और शक्ति स्वरूपा नारी के सम्मान का संदेश दिया।

       कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा महिला मोर्चा की कुमाऊं संयोजक अंजू भुड्डी ने सभी को रामनवमी की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में नारी को शक्ति का स्वरूप माना गया है और इसी भावना के साथ कन्या पूजन को शक्ति पूजन के रूप में आयोजित किया गया है। उन्होंने कहा कि आज के दिन हम सभी मां शक्ति के विभिन्न रूपों का सम्मान कर रहे हैं।

       अंजू भुड्डी ने अपने संबोधन में यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर है। केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा महिलाओं के सशक्तिकरण और उनके उत्थान के लिए अनेक योजनाएं चलाई जा रही हैं, जिनका लाभ समाज की हर महिला तक पहुंच रहा है।

       कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला पंचायत सदस्य रेखा कंबोज ने भी भाग लिया। उन्होंने कन्याओं का पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त किया और इस सफल आयोजन के लिए महिला मोर्चा नगर मंडल की सराहना की।

        कार्यक्रम की संयोजक एवं महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष पूनम ग्रोवर ने सभी अतिथियों, कन्याओं एवं उपस्थित मातृशक्ति का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज में नारी सम्मान और संस्कृति के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

        इस अवसर पर मंडल उपाध्यक्ष विपिन गुप्ता, मनी ठाकुर, शिल्पी गुप्ता, सुधा ठाकुर, सुमन चौहान, मोनिका चौहान, कलावती सैनी, माया देवी, अनीता कश्यप, लता भट्ट, देवी पूनम देवी, पूर्व जिला उपाध्यक्ष युवा मोर्चा विजय अरोड़ा, कविता गुप्ता, संजीव शर्मा, संचित ढींगरा, संतोष गुप्ता सहित बड़ी संख्या में मातृशक्ति उपस्थित रही।

SAGAR GABA
Author: SAGAR GABA

और पढ़ें

विज्ञापन

best news portal development company in india

और पढ़ें