April 20, 2026 4:23 pm

रूद्रपुर में सड़क परियोजनाओं की समीक्षा, कार्यों में तेजी के निर्देश; बाईपास 97% पूर्ण

समय सीमा में काम पूरा न करने वाले ठेकेदारों पर होगी कार्रवाई, काशीपुर-रामनगर फोरलेन के प्रभावितों को शीघ्र मुआवजा देने के निर्देश

रूद्रपुर

        सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा ने जिला सभागार में सड़क निर्माण से जुड़े विभागों के अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक कर विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि चल रहे सभी निर्माण कार्यों में तेजी लाई जाए और उन्हें समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए, ताकि आम जनता को जाम जैसी समस्याओं से राहत मिल सके।

      मंत्री ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि जो ठेकेदार निर्धारित समय पर कार्य पूरा नहीं कर रहे हैं, उन्हें ब्लैकलिस्ट किया जाए और उन पर जुर्माना भी लगाया जाए। उन्होंने 4-लेन सड़क परियोजनाओं की डीपीआर तैयार करते समय भविष्य की जरूरतों, बढ़ते यातायात और जनसुविधाओं का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए, ताकि बाद में संशोधन की आवश्यकता न पड़े। उन्होंने कहा कि बाईपास और रिंग रोड के निर्माण से शहरों में जाम की समस्या कम होगी और सड़क दुर्घटनाओं में भी कमी आएगी। साथ ही उन्होंने गलत दिशा में वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त चालान कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

काशीपुर-रामनगर फोरलेन पर विशेष जोर

      मंत्री ने एनएचएआई के अधिकारियों को निर्देशित किया कि काशीपुर-रामनगर 4-लेन परियोजना में जिन लोगों की भूमि अधिग्रहित की गई है, उन्हें शीघ्र मुआवजा देने के लिए विशेष कैम्प आयोजित किए जाएं, जिससे प्रभावित लोगों को राहत मिल सके।

रूद्रपुर बाईपास का निरीक्षण, जल्द होगा उद्घाटन

      बैठक के बाद मंत्री ने रूद्रपुर बाईपास का स्थलीय निरीक्षण भी किया। इस दौरान अधिकारियों ने जानकारी दी कि बाईपास का लगभग 97 प्रतिशत निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है और शेष कार्य भी शीघ्र पूरा कर लिया जाएगा। मंत्री ने निर्देश दिए कि निर्माण कार्य तेजी से पूर्ण कर उद्घाटन के समय सांसद, विधायक, मेयर सहित सभी जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित किया जाए।

हैंडलिंग और ट्रैफिक प्रबंधन पर फोकस

       बैठक में बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए सड़क परियोजनाओं के साथ बेहतर ट्रैफिक हैंडलिंग और प्रबंधन पर भी जोर दिया गया। मंत्री ने कहा कि भारी वाहनों के सुचारू संचालन, वैकल्पिक मार्गों और पार्किंग व्यवस्था को मजबूत किया जाए, ताकि शहर के भीतर यातायात का दबाव कम हो सके और आम लोगों को सुविधा मिले।

        इस दौरान विधायक शिव अरोरा, मेयर विकास शर्मा, जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्र, पीडी एनएचएआई अचल जिंदल सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।

SAGAR GABA
Author: SAGAR GABA

और पढ़ें

विज्ञापन

best news portal development company in india

और पढ़ें