एक दिन की सीएमओ बनी छात्रा अनन्या, 40 मेधावी बालिकाओं का सम्मान — संघर्ष, सफलता और सशक्तिकरण की मिसाल बना आयोजन
रुद्रपुर
राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर ऊधम सिंह नगर जनपद में बेटियों के सम्मान, अधिकार और सशक्तिकरण को समर्पित एक प्रेरणादायी एवं भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. के.के. अग्रवाल ने एक अनूठी पहल करते हुए राजकीय इंटर कॉलेज, बागवाला की छात्रा अनन्या कुमारी को एक दिन के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी का दायित्व सौंपा और उन्हें विधिवत पदभार ग्रहण कराया। इस पहल ने बालिकाओं में आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता को नई उड़ान दी।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षा, खेल एवं विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली जनपद की 40 मेधावी छात्राओं को सम्मानित किया गया। इनमें से तीन छात्राएं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं, जिन्होंने जिले का नाम राष्ट्रीय व वैश्विक पटल पर रोशन किया है।

कार्यक्रम की विशेष आकर्षण रहीं विशाखा दिवाकर, जिन्होंने अपने संघर्षपूर्ण जीवन की प्रेरक कहानी साझा की। माता-पिता के असामयिक निधन के बावजूद कठिन परिस्थितियों से जूझते हुए उन्होंने सफलता हासिल की और वर्तमान में वन दरोगा के पद पर चयनित हुई हैं। अपनी यात्रा साझा करते हुए वे भावुक हो गईं, वहीं उनकी कहानी ने उपस्थित बालिकाओं को गहराई से प्रेरित किया। जिला प्रोबेशन अधिकारी व्योमा जैन ने बालिकाओं के अधिकारों, संरक्षण एवं चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की उपयोगिता पर विस्तृत जानकारी दी।
सीएमओ डॉ. के.के. अग्रवाल ने कहा कि आज की बालिकाएं हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं। उन्होंने बताया कि पीसीपीएनडीटी अधिनियम के अंतर्गत लिंग परीक्षण जैसी अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए सरकार द्वारा योजना संचालित है, जिसके तहत सूचना देने वाले को 50 हजार रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा।
मुख्य शिक्षा अधिकारी के.एस. कुंवर ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में बालिकाओं ने नए आयाम स्थापित किए हैं और सरकारी योजनाएं उन्हें आगे बढ़ने के भरपूर अवसर प्रदान कर रही हैं। कार्यक्रम का सफल संचालन श्रीमती बिंदु वासिनी द्वारा किया गया।
यह आयोजन न केवल बेटियों की उपलब्धियों का उत्सव बना, बल्कि समाज को यह संदेश भी दे गया कि सशक्त बालिका ही सशक्त भविष्य की नींव है।
इस अवसर पर जिला प्रोबेशन अधिकारी व्योमा जैन, जिला अल्पसंख्यक अधिकारी नंदिनी तोमर, जिला कार्यक्रम अधिकारी मुकुल चौधरी, रावि प्रजापति, भैरवदत्त पांडे, हिमांशु मुश्योंनी, निधि शर्मा, प्रदीप मेहर सहित अनेक अधिकारी एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।











