February 26, 2026 11:31 am

पब्लिक हेल्प सोसायटी ने नगर पालिका अध्यक्ष को सौंपे दो ज्ञापन, गोवंश संरक्षण व विशाल तिरंगा स्थापना की मांग

गदरपुर

       शहर की जनसमस्याओं को लेकर लगातार सक्रिय भूमिका निभा रही पब्लिक हेल्प सोसायटी के अध्यक्ष मोहित अरोरा चैरी के नेतृत्व में मंगलवार को गदरपुर नगर पालिका परिषद अध्यक्ष मनोज कुमार को दो अलग-अलग ज्ञापन सौंपे गए। ज्ञापनों के माध्यम से शहर में बढ़ती समस्याओं को लेकर प्रशासन का ध्यान आकर्षित करते हुए त्वरित समाधान की मांग की गई।

       सोसायटी द्वारा सौंपे गए पहले ज्ञापन में गदरपुर शहर में सड़कों पर घूम रहे निराश्रित गोवंश को लेकर गंभीर चिंता जताई गई। ज्ञापन में कहा गया कि नगर क्षेत्र में बड़ी संख्या में गोवंश सड़कों पर घूम रहे हैं, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। इन दुर्घटनाओं में आम नागरिकों के साथ-साथ गोवंश भी घायल हो रहे हैं। सोसायटी ने नगर पालिका प्रशासन से मांग की कि शहर में घूम रहे सभी निराश्रित गोवंशों को पकड़कर गौशाला भिजवाने की तत्काल व्यवस्था की जाए, जिससे दुर्घटनाओं पर रोक लग सके और पशुओं की सुरक्षा भी सुनिश्चित हो सके।

        वहीं दूसरे ज्ञापन में सोसायटी ने गदरपुर शहर में विशाल तिरंगा ध्वज स्थापित किए जाने की मांग उठाई। ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि जनपद उधम सिंह नगर के कई शहरों में विशाल तिरंगे स्थापित कर नगर की पहचान और गौरव को बढ़ाया गया है। इसी क्रम में गदरपुर नगर क्षेत्र में भी एक विशाल तिरंगे की स्थापना कर शहर की आन-बान-शान को और ऊंचाई देने की आवश्यकता है। सोसायटी ने आग्रह किया कि नगर पालिका इस दिशा में पहल करते हुए शीघ्र ही उपयुक्त स्थान का चयन कर विशाल तिरंगा स्थापित कराए।


 

       इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष मनोज कुमार ने ज्ञापनों को गंभीरता से लेते हुए उचित कार्यवाही का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े मुद्दों पर नगर पालिका प्राथमिकता के आधार पर कदम उठाएगी।

        ज्ञापन सौंपने के दौरान सोसायटी के अध्यक्ष मोहित अरोरा चैरी के साथ सोनम अरोरा, वंश अनेजा, शिवम खुराना, दीपक अरोरा, पवन पारूथी, कलश, विकास कश्यप सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे। सभी ने नगर हित में प्रशासन से शीघ्र कार्यवाही की मांग की और कहा कि जनता की समस्याओं के समाधान हेतु सोसायटी लगातार आवाज उठाती रहेगी।

SAGAR GABA
Author: SAGAR GABA

और पढ़ें

विज्ञापन

best news portal development company in india

और पढ़ें