April 16, 2026 9:15 pm

पंतनगर एयरपोर्ट का होगा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विस्तार, 380 करोड़ से बनेंगे आधुनिक सुविधाएं

मुख्य सचिव ने किया निरीक्षण, 3000 मीटर रनवे व नाइट लैंडिंग सहित कई सुविधाएं होंगी विकसित

पंतनगर
         उत्तराखंड राज्य के मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने गुरुवार को जनपद भ्रमण के दौरान पंतनगर एयरपोर्ट का निरीक्षण कर प्रस्तावित विस्तारीकरण कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को सभी कार्य आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से पूर्ण कराने के निर्देश दिए।

         समीक्षा बैठक में डीजीएम सिविल अनूप गुप्ता ने बताया कि पंतनगर हवाई अड्डे को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप विकसित किया जा रहा है। इसके लिए करीब 380 करोड़ रुपये की लागत से विस्तारीकरण कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने जानकारी दी कि एयरपोर्ट विस्तार के लिए 524.70 एकड़ भूमि एयरपोर्ट प्राधिकरण के नाम आवंटित की जा चुकी है। साथ ही टीडीसी, पंतनगर विश्वविद्यालय और सैनिक फार्म की भूमि पर स्थित भवनों का ध्वस्तीकरण व पेड़ों का कटान कार्य भी पूरा कर लिया गया है।

        उन्होंने बताया कि वर्तमान में चारदीवारी निर्माण कार्य प्रगति पर है, जिसे जून तक पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है। विस्तारीकरण के तहत 3000 मीटर लंबा रनवे, आधुनिक टर्मिनल भवन, हैंगर, आईएलएस (इंस्ट्रूमेंट लैंडिंग सिस्टम), कार्गो सुविधा और नाइट लैंडिंग जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

        वहीं मौजूदा एयरपोर्ट पर यात्रियों की सुविधा के लिए एटीएम, कार पार्किंग, टैक्सी व रिटेल काउंटर, वाई-फाई, हेल्प डेस्क, प्राथमिक चिकित्सा और एम्बुलेंस जैसी सेवाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। पीडी एनएचएआई ने बताया कि एयरपोर्ट विस्तार की जद में आ रहे राष्ट्रीय राजमार्ग को शिफ्ट करने के लिए सर्वे व टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली गई है और जल्द ही कार्य शुरू होगा।

        जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने बताया कि एयरपोर्ट से सटी भूमि पर गेस्ट हाउस का निर्माण प्रस्तावित है तथा कुछ भूमि सेना को भी आवंटित की गई है।

       मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी ने पीपीटी के माध्यम से जनपद में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि ‘जनमन योजना’ में जिले को द्वितीय स्थान प्राप्त होने पर राष्ट्रपति द्वारा सम्मानित किया गया है।

        वहीं टीबी मुक्त अभियान में 372 में से 229 ग्राम पंचायतों के टीबी मुक्त होने पर जिले को राज्यपाल द्वारा सम्मान मिला है। उन्होंने रुद्रपुर बाईपास, अमृत योजना, मेडिकल कॉलेज, सर्किट हाउस, गौशाला निर्माण और सिडकुल में वर्किंग वूमेन हॉस्टल सहित विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति से भी अवगत कराया। कार्यक्रम के अंत में मुख्य सचिव ने ‘वर्ल्ड ऑन व्हील्स डिजिटल लर्निंग लैब’ के अंतर्गत कंप्यूटर प्रशिक्षण प्राप्त छात्रों से संवाद कर उन्हें प्रमाण पत्र वितरित किए।

        इस अवसर पर मंडलायुक्त दीपक रावत, कुलपति डॉ. मनमोहन सिंह चौहान, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति सहित कई अधिकारीगण मौजूद रहे।

SAGAR GABA
Author: SAGAR GABA

और पढ़ें

विज्ञापन

best news portal development company in india

और पढ़ें