समीक्षा बैठक में मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास, एनआरएलएम व रूरल वेस्ट मैनेजमेंट की प्रगति परखी, समयबद्ध कार्यवाही के दिए आदेश
रूद्रपुर
मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शासनी ने विकास भवन सभागार में ग्राम्य विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में मनरेगा, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम), ग्रामोत्थान रीप परियोजना, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) तथा ग्रामीण स्वच्छता के अंतर्गत रूरल वेस्ट मैनेजमेंट की प्रगति पर चर्चा की गई।

सीडीओ ने सभी खंड विकास अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्रामीण क्षेत्रों में कूड़ा निस्तारण की व्यवस्था को प्रभावी बनाया जाए। इसके लिए जिला पंचायतराज अधिकारी एवं अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत से समन्वय कर स्थापित कंपैक्टरों का सुचारू संचालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि कूड़े का पृथकीकरण कर वैज्ञानिक ढंग से निस्तारण किया जाए तथा हाईवे से सटे ग्रामीण क्षेत्रों के लिए विशेष कूड़ा निस्तारण योजना बनाकर प्रस्तुत की जाए। किसी भी स्थान पर कूड़ा एकत्रित नहीं होना चाहिए और कूड़ा संग्रहण वाहनों का नियमित संचालन अनिवार्य रूप से कराया जाए।
प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) की समीक्षा के दौरान सीडीओ ने निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी लाभार्थियों के सत्यापन कार्य को पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी पात्र व्यक्ति को आवास सुविधा से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा। मनरेगा योजना में मानव दिवस बढ़ाने तथा अमृत सरोवरों पर आजीविका से जुड़ी गतिविधियों को संचालित करने के भी निर्देश दिए गए।
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत जनपद में स्थापित ग्रोथ सेंटरों के सुचारू संचालन पर जोर देते हुए सीडीओ ने कहा कि इनका संचालन रीप परियोजना के सहयोग से किया जाए। उन्होंने स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को जागरूक कर उनकी आय में वृद्धि और सामाजिक स्तर को सशक्त बनाने पर विशेष फोकस करने को कहा। साथ ही इंटीग्रेटेड फार्मिंग क्लस्टर (IFC) में अधिक से अधिक लक्ष्य हासिल करने के निर्देश दिए गए।
डीडीयूजीकेवाई की समीक्षा के दौरान खंड विकास अधिकारियों को स्वयं प्रशिक्षण केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की जांच करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में परियोजना निदेशक डीआरडीए हिमांशु जोशी, डीडीओ सुशील मोहन डोभाल, परियोजना अर्थशास्त्री शैलेंद्र श्रीवास्तव, जिला थीमेटिक एक्सपर्ट सौरभ सक्सेना, विपिन राणा सहित विभिन्न खंड विकास अधिकारी एवं ग्राम्य विकास विभाग से संबंधित योजनाओं के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।











