April 16, 2026 7:40 pm

गदरपुर हत्याकांड का पुलिस ने किया सनसनीखेज खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार, एक किशोर संरक्षण में

जमीन विवाद बना हत्या की वजह, .32 बोर रिवॉल्वर व कारतूस बरामद; पुलिस टीम की सतर्कता से खुला राज

गदरपुर

         कोतवाली गदरपुर पुलिस ने जघन्य हत्या कांड का सफल और त्वरित खुलासा करते हुए दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक विधि विवादित किशोर को संरक्षण में लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक लाइसेंसी .32 बोर रिवॉल्वर, 1 खोखा कारतूस तथा 5 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।

       मामले की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि 30 मार्च 2026 को वादी उर्मिला सिंह, पत्नी स्व. सर्वेश्वर सिंह निवासी ग्राम बकेनिया, कोतवाली गदरपुर, जनपद ऊधम सिंह नगर द्वारा तहरीर देकर बताया गया कि 29 मार्च की रात लगभग 8:30 बजे उनके पति सर्वेश्वर सिंह की जमीन विवाद के चलते गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस पर कोतवाली गदरपुर में मुकदमा अपराध संख्या 101/2026 धारा 103(1)/115(2)/351(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है।

         घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधम सिंह नगर ने तत्काल खुलासे के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक काशीपुर और क्षेत्राधिकारी बाजपुर के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक संजय पाठक के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम में उपनिरीक्षक मुकेश मिश्रा (चौकी प्रभारी महतोष), उपनिरीक्षक विजय कुमार (चौकी प्रभारी सकैनिया), कांस्टेबल जीवन फुलेरा, कांस्टेबल राजेंद्र बिष्ट और कांस्टेबल उमेश जोशी शामिल रहे।

        पुलिस टीम ने सर्विलांस, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सटीक सूचना के आधार पर कुईखेड़ी तिराहे के पास स्कैनिया में चेकिंग अभियान चलाया, जहां से तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम सर्वजीत सिंह (45 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय रामचंद्र निवासी ग्राम बकेनिया सकैनिया, रविशंकर उर्फ गुड्डू (46 वर्ष) पुत्र रामअयोध्या निवासी ग्राम बकेनिया तथा एक विधि विवादित किशोर बताया। आरोपियों ने जमीन विवाद के चलते हत्या की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया।

      पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक .32 बोर रिवॉल्वर, 1 खोखा कारतूस और 5 जिंदा कारतूस बरामद कर विधिवत सील कर लिया है। दोनों गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है, जबकि किशोर को संबंधित न्यायालय में प्रस्तुत कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।

        पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले में अन्य संभावित आरोपियों की तलाश जारी है और सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। इस त्वरित कार्रवाई से गदरपुर पुलिस ने न केवल एक जघन्य हत्या कांड का खुलासा किया, बल्कि अपराधियों को सख्त संदेश भी दिया है कि कानून से बचना संभव नहीं है।

SAGAR GABA
Author: SAGAR GABA

और पढ़ें

विज्ञापन

best news portal development company in india

और पढ़ें