April 22, 2026 4:14 pm

एसएसपी मणिकांत मिश्रा के सख्त तेवर, महिला गैंगस्टर समेत हनी-ट्रैप व रंगदारी गैंग के 03 सदस्य गिरफ्तार

गदरपुर

     जनपद ऊधम सिंह नगर में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा के निर्देशन में कोतवाली गदरपुर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए हनी-ट्रैप व रंगदारी गैंग का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में महिला गैंगस्टर सहित गैंग के तीन सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि घटना में प्रयुक्त कार व वसूली गई राशि भी बरामद कर ली गई है। अन्य अभियुक्तों की तलाश जारी है।

      घटना के संबंध में दिनांक 26 जनवरी 2026 को वादी मुकदमा श्री दाऊद पुत्र भूरा, निवासी ग्राम मडियान शादी, जनपद रामपुर (उ0प्र0) द्वारा कोतवाली गदरपुर में तहरीर दी गई। तहरीर के अनुसार अभियुक्ता जौहर उर्फ महक ने फेसबुक आईडी के माध्यम से संपर्क कर वादी को गदरपुर बुलाया। यहां अभियुक्ता ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर गाली-गलौच, मारपीट, जान से मारने की धमकी दी तथा फर्जी मुकदमे में फंसाने व अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देकर ₹40,000 नकद एवं ₹95,000 ऑनलाइन धोखाधड़ीपूर्वक वसूल लिए। घटना के बाद सभी अभियुक्त कार संख्या UP22BA4232 से फरार हो गए।

       तहरीर के आधार पर कोतवाली गदरपुर में मु0 FIR संख्या 27/2026 धारा 61/115/308(2)/318(4)/351(2)/352 बीएनएस के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया। विवेचना उप निरीक्षक नरेश पन्त के सुपुर्द की गई।

       प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी द्वारा अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए। पुलिस अधीक्षक अपराध/पुलिस अधीक्षक काशीपुर एवं क्षेत्राधिकारी बाजपुर के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक गदरपुर के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने दिनांक 26 जनवरी 2026 को अभियुक्ता जौहर उर्फ महक पुत्री हबीब खान (उम्र लगभग 25 वर्ष), अभियुक्ता राबिया पुत्री लईक अहमद (उम्र लगभग 20 वर्ष) एवं अभियुक्त रोहन पुत्र महेन्द्र सिंह (उम्र लगभग 22 वर्ष), सभी निवासी जनपद रामपुर (उ0प्र0) को गिरफ्तार कर लिया।
अभियुक्तों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त कार संख्या UP22BA4232 तथा रंगदारी से वसूली गई रकम बरामद की गई। पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि उनका गैंग लगभग 10-12 सदस्यों का है, जिसमें महिला एवं पुरुष दोनों शामिल हैं। यह गैंग सोशल मीडिया के माध्यम से अमीर युवकों को चिन्हित कर महिलाओं के जरिए दोस्ती करता है और फिर अलग-अलग शहरों में बनाए गए ठिकानों पर बुलाकर रंगदारी वसूलता है। वसूली में असफल रहने पर फर्जी दुष्कर्म जैसे गंभीर मुकदमों में फंसाने की धमकी दी जाती है।

       पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि अभियुक्ता जौहर उर्फ महक के विरुद्ध जनपद रामपुर में पूर्व से कई मुकदमे दर्ज हैं। वह थाना गंज रामपुर से गैंगस्टर एक्ट में निरुद्ध रह चुकी है तथा कई बार जेल जा चुकी है। पूछताछ में अभियुक्ता ने विभिन्न क्षेत्रों में अब तक लगभग एक दर्जन घटनाएं कारित करना स्वीकार किया है। घटना में शामिल अन्य अभियुक्त दीपक, राहुल एवं शिवम उर्फ हैप्पी की तलाश की जा रही है। गैंग के अन्य सक्रिय सदस्यों के आपराधिक इतिहास की जानकारी अन्य जनपदों से भी संकलित की जा रही है। गिरफ्तार अभियुक्तों को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर अग्रिम वैधानिक कार्यवाही अमल में लाई जा रही है।

       इस सफल कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक संजय पाठक, उप निरीक्षक नरेश पन्त, उप निरीक्षक मुकेश मिश्रा (प्रभारी चौकी महतोष), उप निरीक्षक संजय सिंह बोरा, कांस्टेबल 64 निकुल जाटल, कांस्टेबल 1319 मोहन बोहरा, महिला कांस्टेबल 200 विजय लक्ष्मी एवं महिला कांस्टेबल 89 पार्वती गोस्वामी शामिल रहे।

SAGAR GABA
Author: SAGAR GABA

और पढ़ें

विज्ञापन

best news portal development company in india

और पढ़ें