वार्ड नंबर 1 में डस्टबीन वितरण, नागरिकों से स्वच्छता बनाए रखने की अपील

गदरपुर
नगर को स्वच्छ एवं स्वस्थ बनाए रखने के उद्देश्य से नगर पालिका द्वारा निरंतर जनहितकारी पहल की जा रही है। इसी क्रम में आज वार्ड नंबर 1 स्थित करतारपुर रोड पर नगर पालिका अध्यक्ष मनोज गुम्बर के नेतृत्व में डस्टबीन वितरण किया गया। इस दौरान वार्डवासियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए कूड़ा इधर-उधर न फेंकने और कूड़ेदान का नियमित उपयोग करने की अपील की गई।
नगर पालिका अध्यक्ष मनोज गुम्बर ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। यदि सभी लोग अपने घर और आसपास की सफाई का ध्यान रखें तो गदरपुर को स्वच्छ एवं सुंदर नगर बनाया जा सकता है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि घरों से निकलने वाले कूड़े को खुले स्थानों पर फेंकने के बजाय डस्टबीन में ही डालें तथा गीले और सूखे कूड़े को अलग-अलग रखने की आदत अपनाएं, जिससे सफाई व्यवस्था को और सुदृढ़ किया जा सके। इस अवसर पर वार्ड नंबर 1 के प्रतिनिधि श्री चिंतन अरोड़ा, सभासद श्री परमजीत सिंह, श्री सचिन गुप्ता, श्री रमन छाबड़ा, सभासद प्रतिनिधि श्री ब्रजेश चौधरी, श्री मोमिन तथा श्री संतोष श्रीवास्तव मौजूद रहे। सभी जन प्रतिनिधियों ने स्वच्छ गदरपुर, स्वस्थ गदरपुर के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने की बात कही और नागरिकों से इस मुहिम में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। वहीं स्थानीय निवासियों ने नगर पालिका की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि डस्टबीन उपलब्ध होने से क्षेत्र में गंदगी कम होगी और स्वच्छ वातावरण बनेगा। लोगों ने आश्वासन दिया कि वे कूड़ा निर्धारित स्थान पर ही डालेंगे और सफाई व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करेंगे।
नगर पालिका की यह पहल स्वच्छ भारत मिशन को मजबूती देने के साथ-साथ गदरपुर को एक स्वच्छ, स्वस्थ और आदर्श नगर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।











