April 22, 2026 2:29 pm

मृतक किसान के परिजनों से मिले उत्तराखंड सरकार के कृषि मंत्री गणेश जोशी, हर संभव सहायता का भरोसा

काशीपुर


प्रदेश के कृषि एवं कृषक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने मंगलवार को ऊधमसिंह नगर जनपद के काशीपुर क्षेत्र अंतर्गत पैगा गांव पहुंचकर मृतक किसान सुखवंत सिंह के परिजनों से मुलाकात की। इस अवसर पर उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और उन्हें ढांढस बंधाया।

कृषि मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि राज्य सरकार इस दुखद घड़ी में पीड़ित परिवार के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है। उन्होंने आश्वासन दिया कि सरकार की ओर से परिवार को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी और उन्हें किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।
उन्होंने मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देशित किया कि पीड़ित परिवार को त्वरित एवं हरसंभव मदद प्रदान की जाए तथा पूरे प्रकरण में संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। मंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस मामले को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत को मजिस्ट्रेट जांच के निर्देश दिए हैं तथा स्वयं भी पूरे प्रकरण की मॉनिटरिंग कर रहे हैं।

कृषि मंत्री ने स्पष्ट कहा कि प्रदेश सरकार किसान परिवार को न्याय दिलाने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ेगी।
इस दौरान मृतक किसान के भाई परविंदर सिंह, पिता तेजा सिंह, हरजीत सिंह, काशीपुर विधायक त्रिलोक सिंह चीमा, एसपी काशीपुर स्वप्न किशोर सिंह, एसडीएम काशीपुर अभय प्रताप, एसडीएम बाजपुर डॉ. अमृता शर्मा, ओबीसी मोर्चा के महामंत्री रविपाल सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।

SAGAR GABA
Author: SAGAR GABA

और पढ़ें

विज्ञापन

best news portal development company in india

और पढ़ें