November 2, 2026 7:34 pm

रुद्रपुर के विकास को गति देने के लिए मेयर विकास शर्मा ने कुमाऊँ आयुक्त दीपक रावत से की मुलाकात

जलभराव से स्थायी राहत के लिए 16.61 करोड़ रुपये के आरसीसी नाला निर्माण प्रस्ताव पर हुई चर्चा, आयुक्त ने नियमानुसार कार्रवाई का दिया आश्वासन

हल्द्वानी

रुद्रपुर नगर निगम के महापौर विकास शर्मा ने मंगलवार को हल्द्वानी स्थित कैंप कार्यालय में कुमाऊँ आयुक्त एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत से शिष्टाचार भेंट कर शहर के समग्र विकास तथा विभिन्न जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। बैठक में विशेष रूप से रुद्रपुर में बरसात के दौरान होने वाली जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान पर विचार-विमर्श किया गया।

           महापौर विकास शर्मा ने आयुक्त को बताया कि आंतरिक मार्ग संख्या-87 पर अटरिया मोड़ से डीडी चौक होते हुए त्रिशूल चौक तक सड़क के दोनों ओर आरसीसी नालों के निर्माण का प्रस्ताव नगर निगम द्वारा तैयार किया गया है। इस परियोजना की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार हो चुकी है, जिसकी अनुमानित लागत लगभग 16.61 करोड़ रुपये (₹1661.61 लाख) है। उन्होंने इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए आवश्यक धनराशि उपलब्ध कराने का अनुरोध किया।

           महापौर ने कहा कि यह परियोजना शहर की जल निकासी व्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ वर्षाकाल में होने वाले जलभराव से नागरिकों को स्थायी राहत दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। इसके अलावा सड़कों की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और आमजन को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने में भी यह कार्य बेहद उपयोगी साबित होगा। उन्होंने जिला विकास प्राधिकरण के माध्यम से शीघ्र वित्तीय स्वीकृति प्रदान किए जाने की मांग की।

           कुमाऊँ आयुक्त एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत ने महापौर द्वारा रखे गए प्रस्तावों को गंभीरता से सुना और कहा कि जनहित से जुड़े विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने संबंधित प्रस्ताव का परीक्षण कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित कराने का आश्वासन दिया तथा विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर विकास कार्यों में तेजी लाने की बात कही।

          बैठक के दौरान रुद्रपुर शहर के समग्र विकास आधारभूत सुविधाओं के विस्तार, शहरी अधोसंरचना को सुदृढ़ करने तथा नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान से जुड़े कई अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर भी सकारात्मक और सार्थक चर्चा हुई।

और पढ़ें

मतदान सर्वेक्षण

1
Default choosing

Did you like our plugin?

और पढ़ें