November 2, 2026 6:39 pm

विकास परियोजनाओं में तेजी लाने के निर्देश, मुख्य सचिव ने काशीपुर में किया स्थलीय निरीक्षण

एरोमा पार्क, इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर, प्रस्तावित फोरलेन हाईवे और बाईपास परियोजनाओं की प्रगति का लिया जायजा

काशीपुर

उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने अपने एक दिवसीय काशीपुर दौरे के दौरान सिडकुल क्षेत्र में संचालित एवं प्रस्तावित विभिन्न औद्योगिक और आधारभूत संरचना विकास परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण कर अधिकारियों से विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्माण कार्यों में तेजी लाने तथा लंबित परियोजनाओं को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव ने सिडकुल द्वारा विकसित किए जा रहे एरोमा पार्क, इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर (ईएमसी), एस्कॉर्ट फार्म स्थित सिडकुल क्षेत्रीय कार्यालय तथा हेमपुर नेपा फार्म में प्रस्तावित 803 एकड़ भूमि का निरीक्षण किया। क्षेत्रीय प्रबंधक सिडकुल ने बताया कि 133 एकड़ क्षेत्रफल में विकसित हो रहा इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर 177 करोड़ रुपये की लागत की महत्वाकांक्षी परियोजना है। इसमें कुल 56 औद्योगिक प्लॉट विकसित किए जा रहे हैं, जिनमें से 22 प्लॉट आवंटित किए जा चुके हैं, जबकि शेष के लिए निवेशकों से लगातार पूछताछ प्राप्त हो रही है।

उन्होंने बताया कि परियोजना का निर्माण कार्य पेयजल निगम द्वारा कराया जा रहा है। परियोजना को पूर्ण करने के लिए शासन से 45 करोड़ रुपये की अतिरिक्त धनराशि की मांग की गई है। धनराशि प्राप्त होते ही शेष कार्य शीघ्र पूरा कर लिया जाएगा। इस अवसर पर मुख्य सचिव ने ईएमसी परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।

इसके उपरांत मुख्य सचिव ने हेमपुर नेपा फार्म स्थित सिडकुल की 803 एकड़ भूमि का निरीक्षण कर भविष्य की औद्योगिक विकास योजनाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निवेश और रोजगार सृजन की संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए योजनाओं को आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।

इस दौरे के दौरान मुख्य सचिव ने स्वीकृत राष्ट्रीय राजमार्ग काशीपुर-रामनगर फोरलेन परियोजना तथा प्रस्तावित काशीपुर बाईपास रिंग रोड का भी स्थलीय निरीक्षण किया। अधीक्षण अभियंता राष्ट्रीय राजमार्ग ने बताया कि काशीपुर-रामनगर मार्ग पर 18.26 किलोमीटर लंबे फोरलेन निर्माण की परियोजना 494.45 करोड़ रुपये की लागत से स्वीकृत है। परियोजना का टेंडर हो चुका है, भूमि अधिग्रहण के मुआवजे की प्रक्रिया जारी है तथा वन भूमि हस्तांतरण का प्रस्ताव भारत सरकार को भेजा गया है। आवश्यक स्वीकृतियां मिलते ही निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा।

मुख्य सचिव ने राष्ट्रीय राजमार्ग अधिकारियों से बाईपास एवं फोरलेन परियोजनाओं की विस्तृत जानकारी लेते हुए निर्माण कार्यों में तेजी लाने और सभी औपचारिकताओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान उपाध्यक्ष जिला विकास प्राधिकरण जय किशन, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्र, अपर पुलिस अधीक्षक स्वप्न किशोर, उप जिलाधिकारी अभय प्रताप सिंह, क्षेत्रीय प्रबंधक सिडकुल विपिन कुमार, अधीक्षण अभियंता राष्ट्रीय राजमार्ग हरीश पंगती, अधिशासी अभियंता महेंद्र कुमार, अधिशासी अभियंता पेयजल निगम नरेंद्र नवानी, तहसीलदार पंकज चंदोला सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

और पढ़ें

मतदान सर्वेक्षण

1
Default choosing

Did you like our plugin?

और पढ़ें