November 2, 2026 7:55 pm

हरित सेवा संकल्प पखवाड़ा: भारत विकास परिषद शाखा गदरपुर ने चलाया वृक्षारोपण अभियान

पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश, स्वच्छ वायु और हरित भविष्य के लिए पौधारोपण का लिया संकल्प

गदरपुर

भारत विकास परिषद शाखा गदरपुर द्वारा हरित सेवा संकल्प पखवाड़ा के अंतर्गत नवीन मंडी स्थल, गदरपुर में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। अभियान का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना, क्षेत्र को हराभरा बनाना तथा आमजन को वृक्षारोपण के प्रति जागरूक करना रहा। कार्यक्रम में परिषद पदाधिकारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय गणमान्य नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे।

         कार्यक्रम में शाखा अध्यक्ष राजीव ग्रोवर ने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण केवल एक सामाजिक दायित्व नहीं, बल्कि मानव अस्तित्व से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय बन चुका है। उन्होंने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और घटते हरित क्षेत्र को देखते हुए प्रत्येक व्यक्ति को पौधारोपण के साथ-साथ पौधों के संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभानी चाहिए।

         शाखा सचिव डॉ. विप्रजीत विश्वास (सोनू) ने कहा कि भारत विकास परिषद सदैव सेवा, संस्कार और समर्पण की भावना के साथ समाजहित के कार्यों में अग्रणी भूमिका निभाती रही है। हरित सेवा संकल्प पखवाड़ा के माध्यम से परिषद पर्यावरण संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि वृक्ष न केवल शुद्ध वायु प्रदान करते हैं, बल्कि प्राकृतिक संतुलन बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

          वहीं शाखा के कोषाध्यक्ष सागर गाबा ने कहा कि आज की पीढ़ी का दायित्व है कि वह आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और सुरक्षित पर्यावरण प्रदान करे। इसके लिए वृक्षारोपण को जनआंदोलन का स्वरूप देना आवश्यक है। उन्होंने सभी उपस्थित लोगों से लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने का आह्वान किया।

         इस अवसर पर उपस्थित सभी गणमान्य नागरिकों एवं भारत विकास परिषद के सदस्यों ने संयुक्त रूप से कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज पूरे समाज की साझा जिम्मेदारी है। वृक्ष केवल प्रकृति की सुंदरता नहीं बढ़ाते, बल्कि मानव जीवन को स्वच्छ वायु, शुद्ध जल और संतुलित वातावरण भी प्रदान करते हैं। यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी नियमित देखभाल करने का संकल्प ले, तो आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित और हरित भविष्य दिया जा सकता है। उन्होंने सभी नागरिकों से अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने, लगाए गए पौधों का संरक्षण सुनिश्चित करने तथा पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी का अभियान बनाने का आह्वान किया।

         इस अवसर पर मंडी समिति के अध्यक्ष अशोक हुड़िया, प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष राजकुमार भुड्डी, वरिष्ठ समाजसेवी राकेश भुड्डी (बंटी), अंजु भुड्डी, पंकज बजाज, प्रमोद बजाज, डॉ. विनीत अरोरा, राकेश कम्बोज, अशोक घीघ, हरीश बजाज, विनोद चुग, वेद बजाज सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं परिषद के सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने पर्यावरण संरक्षण और वृक्ष संवर्धन का सामूहिक संकल्प लेते हुए समाज को हरित एवं स्वच्छ बनाने का संदेश दिया।

और पढ़ें

मतदान सर्वेक्षण

1
Default choosing

Did you like our plugin?

और पढ़ें