November 2, 2026 8:23 pm

सेवा, सुशासन एवं समर्पण’ अभियान के तहत रुद्रपुर में बैडमिंटन प्रतियोगिता संपन्न, 200 खिलाड़ियों ने दिखाया दम

उत्तराखंड सरकार के पांच वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित खेल प्रतियोगिता में विधायक शिव अरोड़ा ने विजेताओं को किया सम्मानित, युवाओं को खेलों से जुड़ने का दिया संदेश

रुद्रपुर

उत्तराखंड सरकार के सफल पांच वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित “सेवा, सुशासन एवं समर्पण” साप्ताहिक खेलकूद कार्यक्रम के अंतर्गत शनिवार को मनोज सरकार स्पोर्ट्स स्टेडियम, रुद्रपुर में भव्य बैडमिंटन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिला क्रीड़ा कार्यालय उधम सिंह नगर के तत्वावधान में जिला क्रीड़ा अधिकारी श्रीमती जानकी कार्की के निर्देशन में आयोजित इस प्रतियोगिता में जनपद के विभिन्न विद्यालयों, खेल अकादमियों एवं प्रशिक्षण केंद्रों से करीब 200 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

        प्रतियोगिता का शुभारंभ राज्य स्तरीय राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य एवं अनुश्रवण परिषद के उपाध्यक्ष (दर्जा राज्य मंत्री) सुरेश भट्ट एवं गुंजन ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को खेलों के माध्यम से स्वस्थ, अनुशासित एवं सकारात्मक दिशा प्रदान करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। ऐसे आयोजन खिलाड़ियों की प्रतिभा को निखारने के साथ उनमें प्रतिस्पर्धा और खेल भावना का भी विकास करते हैं।

       प्रतियोगिता का आयोजन अंडर-15 बालक एवं बालिका तथा ओपन पुरुष एवं महिला वर्ग में किया गया। सभी मुकाबले बेहद रोमांचक रहे और खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट तकनीक, अनुशासन एवं खेल भावना का परिचय दिया।

प्रतियोगिता के परिणाम इस प्रकार रहे—

अंडर-15 बालक वर्ग में प्रबल कार्की विजेता तथा मनीष रावत उपविजेता रहे। अंडर-15 बालिका वर्ग में एंजेल भट्ट ने प्रथम एवं सिद्धि ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। ओपन पुरुष वर्ग में प्रतीक रावत विजेता तथा पार्थ सिन्हा उपविजेता बने। वहीं ओपन महिला वर्ग में मानसी ने खिताब अपने नाम किया, जबकि माही यादव उपविजेता रहीं।

       प्रतियोगिता में पीयूष धनु (इम्यूनिटी पब्लिक स्कूल), शान राणा (जेएसएस पब्लिक स्कूल) तथा डी.सी. बैडमिंटन अकादमी के खिलाड़ियों ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सभी का ध्यान आकर्षित किया।

        कार्यक्रम का समापन विधायक शिव अरोड़ा के मुख्य आतिथ्य में हुआ। उन्होंने विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान करते हुए कहा कि खेल युवाओं के व्यक्तित्व निर्माण, अनुशासन और स्वस्थ जीवनशैली का सबसे प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्तराखंड का नाम रोशन करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर युवा कल्याण अधिकारी भूपेंद्र सिंह रावत, एथलेटिक्स कोच रघुवीर सिंह विर्क, कबड्डी कोच गौरव उपाध्याय, क्रिकेट कोच नवनीत राय, हैंडबॉल कोच रघु रावत, एथलेटिक्स कोच हरीश राम, हॉकी कोच मोहित रावत, बास्केटबॉल कोच सुधा जोशी, फेंसिंग कोच स्मिता नेगी, वॉलीबॉल कोच गुरमीत सिंह गुरनूर सहित अनेक खेल प्रशिक्षक, खिलाड़ी एवं खेल प्रेमी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन हरीश गाने ने किया। प्रतियोगिता के मुख्य निर्णायक उमेश गढ़िया एवं गोविंद परिहार ने सभी मुकाबलों का सफल एवं निष्पक्ष संचालन किया।

अंत में जिला क्रीड़ा अधिकारी श्रीमती जानकी कार्की ने सभी अतिथियों, प्रशिक्षकों, निर्णायकों, खिलाड़ियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि “सेवा, सुशासन एवं समर्पण” अभियान का उद्देश्य प्रदेश में खेल संस्कृति को बढ़ावा देना, युवाओं को नशामुक्त एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति प्रेरित करना तथा नई खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी जनपद में इस प्रकार की प्रतियोगिताओं का नियमित आयोजन जारी रहेगा, जिससे अधिक से अधिक खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्तराखंड का नाम रोशन कर सकें।

और पढ़ें

मतदान सर्वेक्षण

1
Default choosing

Did you like our plugin?

और पढ़ें