November 2, 2026 7:35 pm

टनकपुर–श्री हज़ूर साहिब नांदेड़ सीधी ट्रेन सेवा पर सिख समाज ने मुख्यमंत्री धामी का जताया आभार

लंबे समय से चली आ रही श्रद्धालुओं की मांग हुई पूरी, धार्मिक यात्रा होगी अधिक सुगम और सुविधाजनक

खटीमा
उत्तराखंड के श्रद्धालुओं, विशेषकर सिख समाज की वर्षों पुरानी मांग पूरी होने पर टनकपुर से महाराष्ट्र स्थित पवित्र तख्त श्री हज़ूर साहिब, नांदेड़ के लिए सीधी रेल सेवा शुरू किए जाने पर सिख समाज ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का हार्दिक आभार व्यक्त किया। सोमवार को लोहियाहेड हैलीपेड पर मुख्यमंत्री से मुलाकात कर प्रतिनिधिमंडल ने इस ऐतिहासिक निर्णय के लिए उनका सम्मान भी किया।

       सिख समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि इस रेल सेवा के प्रारंभ होने से उत्तराखंड सहित आसपास के क्षेत्रों के हजारों श्रद्धालुओं को गुरु की नगरी श्री हज़ूर साहिब, नांदेड़ की यात्रा पहले की अपेक्षा अधिक आसान, सुरक्षित और सुविधाजनक तरीके से करने का अवसर मिलेगा। उन्होंने इसे श्रद्धालुओं की आस्था का सम्मान करने वाला जनहितकारी एवं ऐतिहासिक निर्णय बताया।

        इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रदेशवासियों की सुविधा और जनभावनाओं का सम्मान राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से उत्तराखंड में धार्मिक पर्यटन और बेहतर रेल एवं सड़क संपर्क को लगातार मजबूत किया जा रहा है। टनकपुर से श्री हज़ूर साहिब, नांदेड़ के लिए सीधी रेल सेवा इसी दिशा में उठाया गया एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं को सीधा लाभ मिलेगा।

        मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार भविष्य में भी प्रदेशवासियों की आवश्यकताओं और धार्मिक आस्था से जुड़े विषयों पर संवेदनशीलता के साथ कार्य करती रहेगी तथा प्रदेश में कनेक्टिविटी को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए निरंतर प्रयास जारी रहेंगे।

       इस दौरान सिख समाज के प्रतिनिधियों में दर्जा मंत्री रंजीत सिंह नामधारी, मनजीत सिंह, हरजिंदर सिंह, हरबंजन सिंह खिंडा तथा जोगा सिंह रंधावा ने मुख्यमंत्री का सम्मान कर उनके प्रति आभार व्यक्त किया। प्रतिनिधियों ने कहा कि मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में प्रदेश में जनभावनाओं के अनुरूप लगातार जनहितकारी फैसले लिए जा रहे हैं, जिससे सभी वर्गों में विश्वास और संतोष का वातावरण बना है।

       इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, पूर्व विधायक डॉ. प्रेम सिंह राणा, सतीश भट्ट, भवानी भंडारी, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय, उप जिलाधिकारी तुषार सैनी, गौरव पाण्डेय सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

और पढ़ें

मतदान सर्वेक्षण

1
Default choosing

Did you like our plugin?

और पढ़ें