उपस्थिति पंजिका की जांच में कई अधिकारी-कर्मचारी मिले अनुपस्थित
कार्यालय परिसर में आपत्तिजनक सामग्री मिलने पर जताई नाराजगी; जनहित के कार्यों में लापरवाही पर दी कड़ी चेतावनी
जसपुर
कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने सोमवार को नगर पालिका परिषद, जसपुर का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उपस्थिति पंजिका की जांच में कई अधिकारी और कर्मचारी अनुपस्थित मिले। इनमें कुछ कर्मचारी ऐसे भी पाए गए, जो कई दिनों से कार्यालय में उपस्थित नहीं थे। इसके अलावा कार्यालय परिसर में मदिरापान से संबंधित सामग्री मिलने पर मंत्री ने गहरी नाराजगी व्यक्त की।

निरीक्षण के दौरान मंत्री कैड़ा ने अधिकारियों को स्पष्ट शब्दों में कहा कि जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनुशासनहीनता या कार्यालय की गरिमा के विपरीत आचरण किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकारी कार्यालयों में अनुशासन और जवाबदेही सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
मंत्री ने मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को पूरे मामले की नियमानुसार जांच कर दोषी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान करना अधिकारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। यदि कोई अधिकारी अपने दायित्वों का ईमानदारी और पूरी निष्ठा से निर्वहन नहीं करेगा तो उसके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार पारदर्शी, जवाबदेह और जनकेंद्रित प्रशासन के लिए प्रतिबद्ध है तथा जनता के हितों से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।







