दुर्घटना के बाद मौके पर मची अफरा-तफरी, 108 एंबुलेंस खराब होने से लोगों में रोष
गदरपुर
नगर के निकट गोपाल नगर तिराहे पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक स्कॉर्पियो ट्रक से टकरा गई। दुर्घटना में स्कॉर्पियो सवार महिला और दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि अन्य यात्रियों को भी चोटें आईं। गंभीर घायलों को स्थानीय लोगों ने निजी टैक्सी से रुद्रपुर के अस्पताल भिजवाया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के बहेड़ी क्षेत्र के मोहम्मदपुर निवासी अरविंद कुमार पुत्र दुर्गा प्रसाद अपने परिवार और अन्य परिजनों के साथ हरिद्वार से बच्चे का मुंडन संस्कार कराकर घर लौट रहे थे। स्कॉर्पियो में बच्चों सहित लगभग आठ लोग सवार थे। जैसे ही वाहन गदरपुर के गोपाल नगर तिराहे के पास पहुंचा, उसकी आगे चल रहे ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई।
हादसे में स्कॉर्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को वाहन से बाहर निकालकर राहत कार्य शुरू किया। ट्रक का नंबर UK06 KB 6885 बताया गया है, जबकि स्कॉर्पियो पर अस्थायी नंबर T 09 25 UK 8697C अंकित था।
घटना की सूचना पर 108 एंबुलेंस को बुलाया गया, लेकिन मौके पर पहुंचने के बाद एंबुलेंस भी खराब हो गई। इससे स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिली। लोगों ने सवाल उठाया कि जब आरटीओ विभाग वाहनों की नियमित फिटनेस जांच करता है, तो आपातकालीन सेवाओं में शामिल 108 एंबुलेंस की फिटनेस पर विशेष ध्यान क्यों नहीं दिया जाता। लोगों ने मामले की जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों की सहायता करते हुए स्कॉर्पियो में रखा सामान सुरक्षित कब्जे में ले लिया। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।







