जिलाधिकारी के निर्देश पर गदरपुर तहसील की राजस्व टीम की बड़ी कार्रवाई, बकाया धनराशि जमा न करने वालों पर आगे भी जारी रहेगा अभियान
गदरपुर
जिलाधिकारी, ऊधमसिंह नगर के निर्देशों के अनुपालन में तहसील गदरपुर क्षेत्र अंतर्गत विभिन्न देयकों एवं बकाया राजस्व की वसूली के लिए राजस्व विभाग द्वारा विशेष वसूली अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान ₹85 लाख एवं ₹40 लाख के दो बड़े बकायेदारों को चिन्हित कर राजस्व टीम ने प्रातः 7 बजे से कार्रवाई शुरू की।
विशेष वसूली अभियान के तहत तहसील गदरपुर की राजस्व टीम ने बड़े बकायेदारों के वसूली प्रमाण-पत्रों (आरसी) के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की। अभियान के दौरान ग्राम लखनौ निवासी ₹40 लाख के बकायेदार हरेंद्र सिंह को उनके आवास से गिरफ्तार कर नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की गई।
वहीं दूसरी कार्रवाई में ग्राम गिरधरनगर निवासी ₹85 लाख के बकायेदार रविन्द्र सिंह के आवास पर राजस्व टीम पहुंची, लेकिन वह मौके पर उपस्थित नहीं मिले। इसके बाद नियमानुसार कार्रवाई करते हुए उनके ट्रैक्टरों को कुर्क कर तहसील परिसर में खड़ा कराया गया।
उपजिलाधिकारी डॉ. अमृता शर्मा एवं तहसीलदार लीना चन्द्रा धामी ने बताया कि बकाया राजस्व की वसूली को लेकर विशेष अभियान निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि बड़े बकायेदारों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जा रही है।
राजस्व अधिकारियों ने समस्त बकायेदारों से अपील की है कि वे अपनी बकाया धनराशि का समय से भुगतान सुनिश्चित करें, ताकि उन्हें नियमानुसार होने वाली कुर्की, गिरफ्तारी अथवा अन्य अग्रिम कार्रवाई का सामना न करना पड़े।







