November 2, 2026 7:34 pm

नगर पालिका गदरपुर के नामित सभासदों का भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया भव्य सम्मान

 

माल्यार्पण, शॉल और पगड़ी पहनाकर दी बधाई, कार्यकर्ताओं ने मिठाई खिलाकर जताई खुशी

गदरपुर

उत्तराखंड शासन द्वारा नगर पालिका परिषद गदरपुर में पांच भाजपा कार्यकर्ताओं को नामित सभासद नियुक्त किए जाने पर भाजपा कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर है। बुधवार को भाजपा मंडल अध्यक्ष सुरेश खुराना के कार्यालय पर आयोजित सम्मान समारोह में नवनियुक्त नामित सभासदों का माल्यार्पण कर एवं शॉल ओढ़ाकर भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया।

इस सम्मान कार्यक्रम में नवनियुक्त नामित सभासद रोहित कुमार सुदामा, रॉबिन फुटेला, विपिन गुप्ता, सीमा चौधरी एवं रेनू बिष्ट को भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने फूल-मालाएं पहनाकर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर सभी नवनियुक्त नामित सभासदों ने शासन एवं पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका निर्वहन पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ किया जाएगा तथा नगर की जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाया जाएगा।

भाजपा मंडल अध्यक्ष सुरेश खुराना ने कहा कि नामित सभासद नगर पालिका परिषद में जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि नगर के विकास, स्वच्छता, जनसुविधाओं और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के साथ उठाया जाएगा। साथ ही जहां भी जनता के हितों की अनदेखी होगी अथवा किसी प्रकार की अनियमितता सामने आएगी, वहां नामित सभासद भ्रष्टाचार के खिलाफ मजबूती से आवाज बुलंद करेंगे।

इस अवसर पर भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा मंडल अध्यक्ष सुरेश खुराना को भी पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने सभी नवनियुक्त नामित सभासदों को नई जिम्मेदारी के लिए बधाई देते हुए कहा कि उनके अनुभव और सक्रियता से नगर पालिका क्षेत्र में जनहित के कार्यों को गति मिलेगी तथा संगठन को भी मजबूती प्राप्त होगी।

कार्यक्रम को भाजपा महिला मोर्चा की कुमाऊं मंडल संयोजिका अंजू भुड्ढी, भाजपा जिला उपाध्यक्ष चंकित हुड़िया, पूर्व सभासद रविंद्र वीर सिंह, मंडी समिति के पूर्व अध्यक्ष सुभाष गुंबर, राकेश भुड्ढी सहित अन्य वक्ताओं ने संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन भाजपा मंडल महामंत्री अनिल जेटली ने किया।

इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने नवनियुक्त सभासदों को शुभकामनाएं देते हुए एक-दूसरे को मिठाई खिलाई और खुशी साझा की। कार्यक्रम में रमन चौधरी, राजन फुटेला, हाजी रिजवान हुसैन, रजत हुड़िया एवं रिदुल वर्मा सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

और पढ़ें

मतदान सर्वेक्षण

1
Default choosing

Did you like our plugin?

और पढ़ें