- मुख्यमंत्री धामी के हालिया दौरे के बाद हुई मुलाकात को लेकर लग रहे राजनीतिक मायने
गदरपुर/गूलरभोज
उत्तराखंड की राजनीति में इन दिनों बढ़ती चर्चाओं और बदलते राजनीतिक समीकरणों के बीच शुक्रवार को गूलरभोज स्थित आवास पर पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं गदरपुर विधायक अरविंद पांडेय से रुद्रपुर के मेयर विकास शर्मा तथा काशीपुर के मेयर दीपक बाली ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान क्षेत्रीय विकास, जनहित के मुद्दों और विभिन्न समसामयिक विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई।

इस मुलाकात ने राजनीतिक गलियारों में नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है। खास बात यह है कि कुछ ही दिन पूर्व उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी गूलरभोज स्थित विधायक अरविंद पांडेय के आवास पर पहुंचे थे, जहां दोनों नेताओं के बीच लंबी बातचीत हुई थी। मुख्यमंत्री के दौरे के तुरंत बाद दो प्रमुख नगर निगमों के मेयरों का अरविंद पांडेय से मिलना राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
हालांकि बैठक में शामिल सभी नेताओं ने इसे पूरी तरह शिष्टाचार भेंट और विकास कार्यों से जुड़ी सामान्य चर्चा बताया। विधायक अरविंद पांडेय ने कहा कि जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर संवाद और समन्वय से विकास कार्यों को गति मिलती है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप विकास योजनाओं को आगे बढ़ाना उनकी प्राथमिकता है और इसी उद्देश्य से विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।

बैठक के दौरान क्षेत्रीय विकास योजनाओं, शहरी सुविधाओं के विस्तार, जनसमस्याओं के समाधान तथा आपसी सहयोग को लेकर सकारात्मक चर्चा हुई। दोनों मेयरों ने भी विकास कार्यों को लेकर अपने अनुभव साझा किए और विभिन्न विषयों पर सुझाव दिए।
वहीं राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि मुख्यमंत्री धामी के हालिया दौरे और उसके बाद हुई इस मुलाकात को केवल औपचारिक शिष्टाचार भेंट के रूप में नहीं देखा जा रहा है। प्रदेश की राजनीति में भविष्य की संभावनाओं और संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर भी इस बैठक के अलग-अलग मायने निकाले जा रहे हैं। हालांकि किसी भी नेता ने राजनीतिक अटकलों पर कोई टिप्पणी नहीं की है।
फिलहाल सभी नेताओं ने स्पष्ट किया है कि उनकी प्राथमिकता विकास और जनहित है, लेकिन गूलरभोज में हुई इस मुलाकात ने प्रदेश की सियासत में चर्चाओं का बाजार जरूर गर्म कर दिया है।







