डीएम नितिन सिंह भदौरिया की अध्यक्षता में एरोड्रोम समिति की बैठक, सुरक्षा व्यवस्था और अतिक्रमण हटाने पर जोर
रुद्रपुर
जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया की अध्यक्षता में जिला सभागार में पंतनगर एयरपोर्ट की एरोड्रोम समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में एयरपोर्ट की सुरक्षा, विस्तारीकरण, वन्यजीव नियंत्रण तथा अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में पंतनगर एयरपोर्ट के निदेशक पवन कुमार ने बताया कि एयरपोर्ट के आसपास सुरक्षा की दृष्टि से बड़े पेड़ों की कटाई-छंटाई तथा झाड़ियों की सफाई आवश्यक है। इस पर जिलाधिकारी ने एयरपोर्ट एवं वन विभाग के अधिकारियों को संयुक्त टीम गठित कर पेड़ों और झाड़ियों को चिन्हित करते हुए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

एयरपोर्ट निदेशक ने यात्रियों एवं विमान परिचालन गतिविधियों में बढ़ोतरी को देखते हुए अतिरिक्त सुरक्षा कर्मियों की तैनाती तथा हवाई क्षेत्र में नियमित गश्त के लिए पेट्रोलिंग वाहन उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। इस पर जिलाधिकारी ने पुलिस विभाग को आवश्यक मांग पत्र पुलिस मुख्यालय भेजने के निर्देश दिए। बैठक में एयरपोर्ट परिसर में जंगली जानवरों की आवाजाही से संभावित दुर्घटनाओं का मुद्दा भी उठाया गया। जिलाधिकारी ने वन विभाग और एयरपोर्ट प्रशासन को नियमित हाका अभियान चलाकर वन्यजीवों को एयरपोर्ट क्षेत्र से दूर रखने के निर्देश दिए।
इसके अलावा एयरपोर्ट के आसपास संचालित हो रही अनाधिकृत मांस की दुकानों पर भी चिंता व्यक्त की गई। अधिकारियों ने बताया कि इन दुकानों के कारण चील और कौएं बड़ी संख्या में मंडराते हैं, जिससे विमान संचालन में खतरा उत्पन्न हो सकता है। जिलाधिकारी ने पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को नियमित जांच अभियान चलाकर ऐसी दुकानों को हटाने के निर्देश दिए। पन्तनगर एयरपोर्ट के विस्तारीकरण कार्य की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने परियोजना की जद में आने वाले अतिक्रमणों को चिन्हित कर नोटिस जारी करने तथा आवश्यकतानुसार ध्वस्तीकरण की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही एयरपोर्ट प्रशासन और एनएचएआई को विस्तार परियोजना से संबंधित स्वीकृतियों एवं निर्माण कार्यों में तेजी लाने को कहा।
बैठक में प्रभागीय वनाधिकारी यू.सी. तिवारी, डैम पंतनगर विश्वविद्यालय बी.एस. चलाल, अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्र, अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. उत्तम सिंह नेगी, उप जिलाधिकारी मनीष बिष्ट, संयुक्त कार्यालय के ओसी हिमांशु कफल्टिया, डीजीएम भाविप्रा अनूप गुप्ता, एनएचएआई के अधीक्षण अभियंता सोनू गुप्ता, सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता बी.एस. डांगी, सीएसओ पंतनगर एयरपोर्ट राजकुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।







