मुख्यमंत्री धामी ने गदरपुर बस स्टेशन, खंड विकास कार्यालय और सामुदायिक भवन का किया लोकार्पण
गदरपुर
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गदरपुर दौरे के दौरान 694.06 लाख रुपये लागत की तीन महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का लोकार्पण किया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने फीता काटकर नव निर्मित गदरपुर बस स्टेशन का शुभारंभ किया तथा विकास खंड गदरपुर के नए कार्यालय भवन और हरिचन्द्र-गुरुचन्द्र बंग विशाल सामुदायिक भवन को भी जनता को समर्पित किया।

लोकार्पित परियोजनाओं में 349.17 लाख रुपये की लागत से निर्मित आधुनिक गदरपुर बस स्टेशन, 275.70 लाख रुपये की लागत से बने विकास खंड कार्यालय भवन तथा 69.19 लाख रुपये की लागत से निर्मित सामुदायिक भवन शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं से क्षेत्र के लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और प्रशासनिक कार्यों में भी तेजी आएगी।
उन्होंने कहा कि नवनिर्मित बस स्टेशन में यात्रियों के लिए आधुनिक प्रतीक्षालय, किचन सहित विभिन्न आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इससे गदरपुर और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को बेहतर परिवहन सुविधाएं प्राप्त होंगी। वहीं नए खंड विकास कार्यालय भवन के संचालन से ग्रामीण विकास योजनाओं के क्रियान्वयन को गति मिलेगी तथा लोगों को विभिन्न सरकारी सेवाओं का लाभ अधिक सुगमता से मिल सकेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार विकास को केवल निर्माण कार्यों तक सीमित नहीं मानती बल्कि आम नागरिकों के जीवन को सुविधाजनक और समृद्ध बनाने को अपनी प्राथमिकता मानती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड में विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है और हर क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है।
इस अवसर पर प्रभारी मंत्री प्रदीप बत्रा, विधायक अरविंद पांडे, विधायक शिव अरोरा, विधायक त्रिलोक सिंह चीमा, जिला अध्यक्ष मनोज पाल, काशीपुर मेयर दीपक बाली, रुद्रपुर मेयर विकास शर्मा, गदरपुर पालिका अध्यक्ष मनोज गुम्बर, भाजपा महिला मोर्चा कुमाऊं संयोजक अंजू भुड्डी, भाजपा युवा मोर्चा जिला कोषाध्यक्ष मुनि भुसरी, भजयुमो नेता अतुल पांडे, भजयुमो नगर अध्यक्ष तनुज गिलहोत्रा सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।







