फूल-मालाओं व पुष्प वर्षा से हुआ भव्य स्वागत, प्रतिमा पर माल्यार्पण कर दी श्रद्धांजलि
गदरपुर
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गदरपुर स्थित कंबोज धर्मशाला में आयोजित कार्यक्रम में अमर शहीद ऊधम सिंह के शहादत दिवस पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री का पुष्प वर्षा एवं सरोपा भेंट कर भव्य स्वागत किया गया। उन्होंने श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के अखंड पाठ में सहभागिता की तथा गुरुद्वारे में मत्था टेककर प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आज यहां आकर उन्हें अत्यंत प्रसन्नता और आत्मिक संतोष की अनुभूति हो रही है। उन्होंने कहा कि उन्हें एक साथ दो महत्वपूर्ण सौभाग्य प्राप्त हुए हैं। पहला, श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के अखंड पाठ में शामिल होकर पावन गुरबाणी का श्रवण करने और गुरु साहिब के चरणों में मत्था टेकने का अवसर मिला तथा दूसरा, भारत माता के अमर सपूत शहीद ऊधम सिंह की प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें नमन करने का अवसर प्राप्त हुआ।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह आयोजन वीरता और आध्यात्मिकता का अद्भुत संगम है। उन्होंने कहा कि जब भी हम अमर शहीद ऊधम सिंह के त्याग, साहस और राष्ट्रभक्ति का स्मरण करते हैं तो गर्व से हमारा सिर ऊंचा हो जाता है। वर्ष 1919 का जलियांवाला बाग हत्याकांड भारतीय इतिहास का एक अत्यंत दुखद अध्याय था, जिसने पूरे देश को झकझोर दिया था। उस अमानवीय नरसंहार की पीड़ा को शहीद ऊधम सिंह ने वर्षों तक अपने हृदय में संजोए रखा और न्याय की भावना को जीवित रखा। अंततः उन्होंने विदेशी धरती पर जाकर उस अन्याय का प्रतिकार किया और पूरी दुनिया के सामने भारत के स्वाभिमान, साहस और संकल्प का परिचय दिया।

उन्होंने कहा कि अमर शहीद ऊधम सिंह का जीवन साहस, स्वाभिमान, राष्ट्रभक्ति और बलिदान का प्रतीक है। उनका त्याग प्रत्येक भारतीय के मन में देशभक्ति की भावना का संचार करता है तथा राष्ट्र के प्रति समर्पण का संदेश देता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सेवा, त्याग, मानवता और राष्ट्रभक्ति की प्रेरणा हमें श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की पावन वाणी से प्राप्त होती है। गुरु साहिब की शिक्षाएं मानवता, करुणा, सत्य, भाईचारे और निस्वार्थ सेवा का मार्ग दिखाती हैं तथा पूरे राष्ट्र को प्रेरित करती हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड के विकास में सिख समाज का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने सभी लोगों से आह्वान किया कि वे अमर शहीद ऊधम सिंह के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाएं और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाएं।

इस अवसर पर प्रभारी मंत्री प्रदीप बत्रा, विधायक अरविंद पांडेय, शिव अरोरा, त्रिलोक सिंह चीमा, भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, मनोज पाल, मेयर विकास शर्मा, दीपक बाली, दर्जा राज्य मंत्री अनिल कपूर डब्बू, मंजीत सिंह, सुरेंद्र नामधारी, फरजाना बेगम, रणजीत सिंह नामधारी, पूर्व विधायक राजेश शुक्ला, भाजपा प्रदेश मंत्री गुंजन सुखीजा, नगर पालिका अध्यक्ष मनोज गुंबर, नगर पंचायत गुलरभोज अध्यक्ष सतीश चुघ, नगर पंचायत दिनेशपुर अध्यक्ष मंजीत कौर सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।







