November 2, 2026 5:49 pm

पुरानी रंजिश में फायरिंग करने वाले चार आरोपी गिरफ्तार, अवैध पिस्टल-तमंचा व दो स्कॉर्पियो बरामद

 

गदरपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, हरिपुरा जलाशय के पास दबिश देकर चार वांछित दबोचे, घटना में प्रयुक्त हथियार व वाहन भी जब्त

गदरपुर

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में “अपराध मुक्त उत्तराखण्ड” अभियान के तहत गदरपुर पुलिस ने पुरानी रंजिश में हुई फायरिंग की सनसनीखेज घटना का खुलासा करते हुए चार वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक अवैध .32 बोर देशी पिस्टल, एक 315 बोर तमंचा, दो जिंदा कारतूस, दो स्कॉर्पियो वाहन तथा एक बांस का डंडा बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है।

         पुलिस के अनुसार 27 जुलाई 2026 को ग्राम बेरिया दौलत निवासी सहजपाल सिंह की तहरीर पर कोतवाली गदरपुर में मुकदमा दर्ज किया गया था। तहरीर में बताया गया कि बाजपुर क्षेत्र में जुलाई माह के दौरान दोनों पक्षों के बीच हुई मारपीट की पुरानी रंजिश के चलते 26 जुलाई की शाम करीब 5:50 बजे सरदार नगर अंडरपास कट के समीप नामजद आरोपियों ने सहजपाल सिंह और उसके साथियों पर जानलेवा हमला कर फायरिंग कर दी। इस दौरान उसके मित्र गुरशरण उप्पल उर्फ गगन के पैर में गोली लग गई, जबकि सहजपाल सिंह और उसके साथी सौरभ बाबा के साथ भी मारपीट कर उन्हें घायल कर दिया गया। मामले में कोतवाली गदरपुर में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई।

         वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक काशीपुर, पुलिस अधीक्षक अपराध रुद्रपुर तथा क्षेत्राधिकारी बाजपुर के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक गदरपुर के नेतृत्व में पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित की गईं। तकनीकी साक्ष्यों, सर्विलांस तथा मुखबिर तंत्र की सहायता से पुलिस ने 3 अगस्त को हरिपुरा जलाशय के पास गूलरभोज क्षेत्र में दबिश देकर चार वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने घटना में प्रयुक्त .32 बोर देशी पिस्टल, 315 बोर तमंचा, दो जिंदा कारतूस, एक बांस का डंडा तथा दो काले रंग की स्कॉर्पियो गाड़ियां (यूके06बीजे-5050 एवं यूके06बीजे-8585) बरामद कीं। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में बीएनएस की धारा 3(5) तथा आयुध अधिनियम की धारा 3/25 की बढ़ोतरी भी की गई।

         गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजवीर सिंह विर्क निवासी मुकंदपुर डेरा, आकाशदीप सिंह निवासी सरोवर नगर, प्रशान्त सिंह उर्फ मनी उर्फ पिद्दी निवासी वार्ड नंबर-2 गदरपुर तथा सौरभ कुमार निवासी शिवपुरी, थाना केलाखेड़ा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में से तीन के विरुद्ध पूर्व में भी विभिन्न आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जबकि राजवीर सिंह के खिलाफ भी इसी मामले में मुकदमा दर्ज है। पुलिस का कहना है कि फरार अन्य आरोपियों की तलाश भी तेज कर दी गई है और शीघ्र ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक मुकेश मिश्रा, उपनिरीक्षक संजय सिंह बोरा, कांस्टेबल मोहन भट्ट, कांस्टेबल राजेन्द्र सिंह बिष्ट तथा कांस्टेबल मोहन सिंह बोरा शामिल रहे। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने टीम की कार्रवाई की सराहना करते हुए अपराधियों के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए हैं।

और पढ़ें

मतदान सर्वेक्षण

1
Default choosing

Did you like our plugin?

और पढ़ें