November 2, 2026 6:41 pm

मानदेय बढ़ाने की तैयारी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को जल्द मिलेगा बड़ा तोहफा: रेखा आर्या

 

12वें प्रदेश अधिवेशन में महिला एवं बाल विकास मंत्री ने दिया आश्वासन, प्रमोशन से सुपरवाइजर बनने की प्रक्रिया शुरू

सेवानिवृत्ति राशि बढ़ाने और पेंशन योजना पर भी सरकार कर रही विचार

बाजपुर

ऊधम सिंह नगर के बाजपुर स्थित श्रीराम जानकी मंडप में आयोजित उत्तरांचल आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ के 12वें प्रदेश अधिवेशन में प्रदेश की महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। अधिवेशन में प्रदेशभर से पहुंचे आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के कल्याण, सम्मान और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के मानदेय में बढ़ोतरी को लेकर सरकार गंभीरता से प्रयासरत है और बहुत जल्द उन्हें इस संबंध में बड़ी और अच्छी खबर सुनने को मिल सकती है

मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता महिला एवं बाल विकास विभाग की योजनाओं को धरातल तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य, प्रारंभिक शिक्षा तथा महिलाओं और बच्चों से जुड़ी विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन में उनकी अहम जिम्मेदारी है। सरकार उनके योगदान को देखते हुए उनके हित में लगातार निर्णय ले रही है।

उन्होंने बताया कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की लंबे समय से चली आ रही मांग को स्वीकार करते हुए प्रदेश सरकार ने पदोन्नति के माध्यम से आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को सुपरवाइजर बनाए जाने की शुरुआत पहले ही कर दी है। इससे पात्र कार्यकर्ताओं को विभागीय स्तर पर आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। इसके साथ ही सेवानिवृत्ति के समय कार्यकर्ताओं को मिलने वाली एकमुश्त धनराशि को भी बढ़ाया जा रहा है, ताकि लंबे समय तक सेवाएं देने के बाद सेवानिवृत्त होने वाली कार्यकर्ताओं को बेहतर आर्थिक सहयोग मिल सके।

मंत्री रेखा आर्या ने सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण जानकारी साझा करते हुए कहा कि सरकार आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को पेंशन देने की योजना पर गंभीरता से काम कर रही है। उन्होंने कहा कि पूरी संभावना है कि वर्ष 2026 में इस संबंध में अंतिम निर्णय ले लिया जाएगा। पेंशन की व्यवस्था होने से सेवानिवृत्ति के बाद आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को आर्थिक सुरक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगा।

अधिवेशन के दौरान संघ के प्रतिनिधियों ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और मांगों को मंत्री रेखा आर्या के समक्ष रखा। मंत्री ने सभी मांगों को गंभीरता से सुनते हुए सकारात्मक रुख अपनाया और उनके समाधान के लिए हर संभव प्रयास करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि सरकार आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के हितों को लेकर संवेदनशील है और उनकी जायज मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेने का प्रयास किया जाएगा।

इस अवसर पर भारतीय मजदूर संघ की अखिल भारतीय मंत्री सुश्री अंजलि पटेल, क्षेत्र संगठन मंत्री अनुपम, मजदूर संघ के प्रदेश अध्यक्ष उमेश जोशी, महामंत्री सुमित सिंघल, सरकार में राज्य मंत्री मनजीत सिंह, भगवती बिष्ट, रेणु खोलिया सहित संघ के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता मौजूद रहे। अधिवेशन में कार्यकर्ताओं ने अपनी समस्याओं और मांगों को लेकर संगठन के माध्यम से सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से आवाज उठाने तथा संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प भी लिया।

और पढ़ें

मतदान सर्वेक्षण

1
Default choosing

Did you like our plugin?

और पढ़ें