सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी तक पहुंची पुलिस, चोरी का सामान और ₹922 नकद बरामद; आरोपी पहले भी जा चुका है जेल
गदरपुर
कोतवाली गदरपुर पुलिस ने शिव मंदिर में हुई चोरी की घटना का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मंदिर से चोरी किया गया कलश, नाग देवता की प्रतिमा, अगरबत्ती स्टैंड और नकदी बरामद की है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेजने की कार्रवाई की गई है।
पुलिस के अनुसार वार्ड नंबर-7 स्थित शिव मंदिर, गदरपुर निवासी जगदीश गुप्ता पुत्र स्वर्गीय राम भरोसे लाल ने कोतवाली गदरपुर में तहरीर देकर बताया था कि 19 जुलाई 2026 को मंदिर के अंदर चोरी की घटना हुई थी। चोर मंदिर से एक कलश, तांबे के नाग देवता, तांबे के पूजा बर्तन और मंदिर की अलमारी में रखी करीब पांच हजार रुपये की नकदी चोरी कर ले गया था। तहरीर के आधार पर कोतवाली गदरपुर में मु0 एफआईआर संख्या 203/2026 के तहत धारा 305 (डी) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक उधम सिंह नगर ने घटना के शीघ्र खुलासे और चोरी गए माल की बरामदगी के निर्देश दिए थे। इसके बाद पुलिस अधीक्षक अपराध/पुलिस अधीक्षक काशीपुर तथा क्षेत्राधिकारी बाजपुर के पर्यवेक्षण में एसएचओ गदरपुर के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज के आधार पर पुलिस ने राहुल कुमार पुत्र दिनेश कुमार निवासी सिनेमा लाइन, वार्ड नंबर-03, थाना गदरपुर, जिला उधम सिंह नगर, उम्र 35 वर्ष की पहचान कर उसे 22 जुलाई 2026 को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी गया एक गुलाबी-नारंगी रंग का कलश, दो भागों में धातु का नाग, एक अगरबत्ती जलाने का स्टैंड तथा एक सफेद रंग के थैले में ₹922 नकद बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार मंदिर से चोरी हुई करीब पांच हजार रुपये की नकदी में से ₹922 बरामद हुए हैं, जबकि शेष धनराशि के संबंध में पूछताछ की जा रही है। बरामदगी के आधार पर आरोपी को धारा 305 (ए), 331 (डी) एवं 317 (2) बीएनएस के तहत गिरफ्तार किया गया।
पुलिस का कहना है कि राहुल कुमार पूर्व में भी चोरी के मामलों में जेल जा चुका है। उसके आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है। आरोपी को नियमानुसार न्यायालय में पेश किया गया।
चोरी की घटना के खुलासे में उपनिरीक्षक प्रदीप शर्मा, कांस्टेबल मोहन सिंह बोरा और कांस्टेबल रविंद्र सिंह शामिल रहे।







