November 2, 2026 7:31 pm

जिलाधिकारी की मासिक समीक्षा बैठक में लापरवाही पर सख्ती, दो लोक अभियोजकों से स्पष्टीकरण तलब

भूमि एवं प्रमाण-पत्र मामलों के त्वरित निस्तारण के निर्देश, धारा 143 के लंबित आवेदनों पर नियमित मॉनिटरिंग के आदेश — धान खरीद, मिलावटखोरी और गड्ढामुक्त सड़कों को लेकर भी दिए कड़े निर्देश

रुद्रपुर

जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने मंगलवार को वर्चुअल माध्यम से मासिक स्टाफ बैठक आयोजित कर विभिन्न विभागों के कार्यों और प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में प्रशासनिक कार्यों में तेजी लाने, लंबित मामलों का समयबद्ध निस्तारण करने और जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए गए। असंतोषजनक कार्य पाए जाने पर जिलाधिकारी ने लोक अभियोजक जयपाल सिंह और सीमा रानी का स्पष्टीकरण तलब किया।

भूमि एवं प्रमाण-पत्र से संबंधित मामलों की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने एसडीएम स्तर पर लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पटवारी द्वारा जांच किए जाने के बाद कानूनगो भी मौके का निरीक्षण करें और सत्यापन रिपोर्ट तत्काल उपलब्ध कराई जाए। ऑनलाइन पोर्टल की नियमित निगरानी करते हुए धारा 143 के सभी ऑनलाइन आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने के निर्देश एसडीएम और तहसीलदारों को दिए गए। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को नियमित रूप से पोर्टल पर लॉगिन कर लंबित मामलों की समीक्षा करने को कहा।

जिलाधिकारी ने एसडीएम न्यायालयों में तीन से पांच वर्ष या उससे अधिक समय से लंबित मामलों को गंभीरता से लेते हुए उनके निस्तारण में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही मुख्य देयकों एवं विविध देयकों की वसूली बढ़ाने और निर्धारित लक्ष्यों को अगले माह तक शत-प्रतिशत पूरा करने को कहा।

धान खरीद की तैयारियों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने समय से खरीद केंद्र खोलने और फ्लाइंग स्क्वायड दल तैनात करने के निर्देश दिए। किसानों की समस्याओं का तत्काल समाधान सुनिश्चित करने को भी कहा। आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग को विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।

सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने के लिए संबंधित एसडीएम को नोडल अधिकारी नामित किया गया है। जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग को तत्काल कार्रवाई करते हुए सड़कों की स्थिति में सुधार के निर्देश दिए। इसके अलावा जनगणना कार्यों में तेजी लाने तथा मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर लंबित शिकायतों का नियमित रूप से निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक में अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय, कौस्तुभ मिश्रा, एसडीएम तुषार सैनी, हिमांशु कफलटिया, एएसपी अनुषा बडोला, संयुक्त निदेशक विधि डीएस जंगपांगी, डीजीसी मनोज तिवारी, बरीत सिंह सहित सभी उप जिलाधिकारी, तहसीलदार एवं अन्य अधिकारी वर्चुअल माध्यम से उपस्थित रहे।

और पढ़ें

मतदान सर्वेक्षण

1
Default choosing

Did you like our plugin?

और पढ़ें