November 2, 2026 8:29 pm

सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, 1.13 क्विंटल सामग्री जब्त

गदरपुर में गोदाम पर छापेमारी, 15 हजार रुपये का जुर्माना; दिनेशपुर में 7,500 और गुलरभोज में 400 रुपये की कार्रवाई

गदरपुर

जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुपालन में तहसील गदरपुर क्षेत्र में सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग, भंडारण एवं विक्रय के विरुद्ध प्रशासन द्वारा व्यापक छापेमारी एवं प्रवर्तन अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान गदरपुर, दिनेशपुर और गुलरभोज क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर निरीक्षण कर प्रतिबंधित प्लास्टिक सामग्री के खिलाफ कार्रवाई की गई।

अभियान के तहत वार्ड नंबर 6, आवास विकास, गदरपुर स्थित एक गोदाम में सूचना के आधार पर छापेमारी की गई। निरीक्षण के दौरान गोदाम में बड़ी मात्रा में सिंगल यूज प्लास्टिक सामग्री बरामद हुई। टीम द्वारा मौके पर बरामद करीब 1 क्विंटल 13 किलोग्राम सिंगल यूज प्लास्टिक सामग्री को नियमानुसार जब्त कर लिया गया। इसके साथ ही संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध 15 हजार रुपये का जुर्माना अधिरोपित किया गया।

यह कार्रवाई उप जिलाधिकारी गदरपुर अमृता शर्मा की अध्यक्षता में की गई। अभियान में तहसीलदार गदरपुर लीना चंद्रा धामी तथा अधिशासी अधिकारी नगर पालिका गदरपुर  कैलाश सिंह पटवाल का सहयोग रहा। प्रशासनिक टीम ने क्षेत्र में सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग और भंडारण को लेकर दुकानदारों एवं व्यापारियों को नियमों का पालन करने के निर्देश भी दिए।

अभियान के दौरान एक अन्य दुकान का भी निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के समय मौके से कोई प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक सामग्री बरामद नहीं हुई। उपलब्ध तथ्यों के आधार पर दुकान के संबंध में आवश्यक निरीक्षणात्मक कार्रवाई की गई।

वहीं, तहसील क्षेत्र के दिनेशपुर में भी सिंगल यूज प्लास्टिक के विरुद्ध प्रवर्तन कार्रवाई की गई। अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत दिनेशपुर मोहम्मद यामीन के नेतृत्व में बाजार क्षेत्र में निरीक्षण कर सिंगल यूज प्लास्टिक सामग्री जब्त की गई तथा संबंधित दुकानदारों पर 7,500 रुपये का जुर्माना अधिरोपित किया गया।

 

इसके अतिरिक्त नगर पंचायत गुलरभोज क्षेत्र में भी प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ कार्रवाई करते हुए इसका प्रयोग करने वाले दुकानदारों से 400 रुपये का जुर्माना वसूल किया गया।

प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग, भंडारण एवं विक्रय पर प्रभावी नियंत्रण के लिए अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

और पढ़ें

मतदान सर्वेक्षण

1
Default choosing

Did you like our plugin?

और पढ़ें