भाजपा किसान मोर्चा एवं विश्व हिंदू परिषद ने संयुक्त रूप से रजपुरा नंबर-1 के प्राथमिक विद्यालय में किया आयोजन
गदरपुर
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जन्मदिन के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा एवं विश्व हिंदू परिषद गदरपुर के पदाधिकारियों द्वारा संयुक्त रूप से रजपुरा नंबर-1 स्थित प्राथमिक विद्यालय में कार्यक्रम आयोजित कर बच्चों को शिक्षण सामग्री वितरित की गई। इस दौरान छोटे-छोटे बच्चों को कॉपी, पेंसिल और रबड़ वितरित कर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जन्मदिन को सेवा एवं सामाजिक सरोकार के रूप में मनाया गया।

कार्यक्रम के दौरान भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश महामंत्री नरेश हुड़िया ने कहा कि बच्चों की शिक्षा और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि जन्मदिन जैसे अवसरों को जरूरतमंद एवं स्कूली बच्चों के बीच उपयोगी सामग्री वितरित कर मनाने से सेवा भावना को बढ़ावा मिलता है। बच्चों को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करना समाज के भविष्य को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
भाजपा किसान मोर्चा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य हरलोक सिंह नामधारी ने कहा कि बच्चों के चेहरों पर मुस्कान लाना और उनकी आवश्यकताओं में सहयोग करना सामाजिक दायित्व है। उन्होंने बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने तथा अपने लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश कार्यकारिणी स्थाई सदस्य सागर गाबा, किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष सुरजीत सिंह, विश्व हिंदू परिषद नगर अध्यक्ष हिमांशु हुड़िया तथा खंड अध्यक्ष जसवीर चीमा सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भी सहयोग किया।
इस दौरान भाजपा किसान मोर्चा एवं विश्व हिंदू परिषद के पदाधिकारियों ने बच्चों से संवाद करते हुए उन्हें शिक्षा के महत्व के बारे में बताया। शिक्षण सामग्री प्राप्त कर बच्चों में भी उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के स्वस्थ, दीर्घायु एवं सफल जीवन की कामना की।
कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं संगठन के अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।







